इगलास के अलीगढ़-मथुरा मार्ग पर 21 फरवरी की रात शादी समारोह में भाग लेने आई दुल्हन की फुफेरी बहन की ईंटों से लदे ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। गुस्साए लोगों ने ट्रक को आग के हवाले कर दिया। हादसे के बाद शादी की रस्में सादगी के साथ हुईं।
पाली मुकीमपुर के गांव पीडोल महमूदपुर के रहने वाले पिंटू सिंह पुत्र नेत्रपाल सिंह ने बताया कि शनिवार को उनके साले की बेटी का शादी समारोह इगलास में मथुरा रोड स्थित कृष्णगोपाल गेस्ट हाउस में था। शादी समारोह में शामिल होने के लिए उसके साथ परिजन भी आए थे। रात्रि लगभग 11:30 बजे बेटी पल्लवी (08) सड़क के किनारे खड़ी थी। इसी दौरान अलीगढ़ की ओर से ईंट लेकर मथुरा की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रक के चालक ने बच्ची पल्लवी को टक्कर मार दी, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे के समय प्रत्यक्षदर्शियों और शादी में शामिल होने आए लोगों ने ट्रक का पीछा किया तो ट्रक चालक थोड़ी दूरी पर पटरी पर खड़ा करके मौके से भाग गया, गुस्साए लोगों ने ट्रक में आ लगा दी। सूचना पर मौके पर पहुंचे अग्निशमन कर्मचारियों ने ट्रक में लगी आग को बुझाया। घटना के संंबंध में कोतवाल नरेन्द्र यादव ने बताया कि बच्ची के शव को मोर्चरी भेज दिया है।
एक बच्ची की मथुरा रोड पर ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई, आक्रोशित लोगों ने ट्रक को आग के हवाले कर दिया। सड़क दुर्घटना के संबंध में मृत बच्ची के पिता के प्रार्थनापत्र पर ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।-महेश कुमार, सीओ इगलास