बच्ची की मौत के बाद मौके पर खड़े परिजन
- फोटो : samvad
कस्बे के मालीपुरा इलाके में शनिवार की शाम तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से 10 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। हादसा बच्ची के मंदिर जाते वक्त हुआ।
दरकन नगरिया निवासी धर्मेंद्र की बेटी शिवानी बच्चों के साथ घर से मंदिर जाने के लिए निकली थी। तभी बिशनपुरी तिराहे के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में शिवानी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। राहगीरों ने उसे पास के निजी चिकित्सक के यहां पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे सरकारी अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया।
सीएचसी खैर पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर कोतवाली खैर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। अस्पताल की इमरजेंसी के बाहर शव रखे जाने के दौरान परिजनों में कोहराम मच गया। शिवानी दो बहनों में बड़ी थी। उसकी मां गीत देवी का दो वर्ष पहले निधन हो चुका है। पिता धर्मेंद्र ट्रक चालक हैं और घटना के समय कानपुर में थे। सूचना मिलने पर वह घर के लिए रवाना हो गए। इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।