फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Aligarh News: छठी मइया के गीतों से गूंजे घाट

विज्ञापन
छठ पूजा करतीं महिलाएं। संवाद
विज्ञापन
सिर पर पूजन सामग्री से सजे डाले, माथे पर दमकता सिंदूर और जुबां पर छठी मइया के गीत...। शहर के विभिन्न घाटों पर रविवार को आस्था और भक्ति का ऐसा ही नजारा देखने को मिला। रेलवे कॉलोनी, बदरबाग, क्वार्सी, सांगवान सिटी, एटा चुंगी, सारसौल, खैर बाईपास और गोंडा रोड सहित कई स्थानों पर बने घाट छठी मैया के जयकारों और पारंपरिक गीतों से गूंज उठे।
विज्ञापन


चार दिवसीय छठ महापर्व के तीसरे दिन व्रती महिलाओं ने अस्ताचलगामी सूर्यदेव को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। सुबह से ही घरों में छठ पूजा की तैयारियां शुरू हो गई थीं। महिलाओं ने डाले में सिंघाड़ा, मूली, सेब, अमरूद और अन्य पूजन सामग्री सजाई। केले की घौद और पारंपरिक प्रसाद से डाले को आकर्षक ढंग से सजाया गया। शाम होते ही महिलाएं परिवार के सदस्यों के साथ छठी मैया के गीत गाते हुए घाटों की ओर बढ़ने लगीं। दीपों से जगमगाते घाट और रंग-बिरंगी झालरों की रोशनी ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

आतिशबाजी से दिखा दीपावली जैसा नजारा

छठ महापर्व पर कई स्थानों पर जमकर आतिशबाजी हुई। बच्चों में विशेष उत्साह दिखाई दिया। छठी मइया के गीतों पर बच्चे नृत्य करते नजर आए। शहर में बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के लोगों की बढ़ती आबादी के साथ छठ पूजा का उत्साह भी लगातार बढ़ रहा है। रॉयल होम्स तालानगरी, कुलदीप विहार, एटा चुंगी, क्वार्सी, लाल डिग्गी, सासनीगेट, सारसौल और धनीपुर सहित कई क्षेत्रों में भी व्रती महिलाओं ने सूर्यदेव को अर्घ्य दिया।
विज्ञापन



आज उगते सूर्य को अर्घ्य देकर होगा व्रत का पारण

उदीयमान सूर्यदेव को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का सोमवार को समापन होगा। व्रती महिलाएं तड़के तीन बजे से ही परिवार के साथ घाटों पर पहुंचना शुरू कर देंगी। दीप जलाकर छठी मैया की पूजा करेंगी और सूर्यदेव के उदय होने पर उन्हें अर्घ्य देंगी। इसके साथ ही 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण होगा। व्रती महिलाएं प्रसाद वितरण के बाद जल ग्रहण कर व्रत पूर्ण करेंगी।

छठ पूजा करतीं महिलाएं। संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें