बहुप्रतीक्षित पलवल-टप्पल-अलीगढ़ फोरेलन के अधिकांश हिस्सों पर वाहन फर्राटा भर रहे हैं, लेकिन अभी तक कई जगहों पर इस स्टेट हाईवे का काम अधूरा है, क्योंकि पेड़ों का कटान होने के बाद ही निर्माण आगे बढ़ेगा। इस हाईवे के दोनों बाईपास के निर्माण अभी तक शुरू नहीं हुए हैं।
स्टेट हाईवे निर्माण की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने कहा है कि जनहित एवं विकास कार्यों पर व्यय करने के लिए सरकार के पास धन को कमी नही है। जनहित के कार्यों के प्रस्ताव तैयार कर शासन को प्रेषित करें। यदि आवश्यक हो तो उनसे इस संबंध में अर्द्धशासकीय पत्र भी भिजवाया जाए। नीयत साफ हो तो मंजिल कदम चूमती है। समीक्षा के दौरान उन्होंने बताया कि इस फोर लेन निर्माण और खैर व जट्टारी में बनने वाले चार लेन बाईपास के निर्माण कार्य में 1142 अतिरिक्त वृक्षों का कटान किया जाना है। जिसमें 987 वृक्षों के कटान की स्वीकृति पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय भारत सरकार द्वारा मिल चुकी है।
वन विभाग के डीएलएम कार्यालय इटावा ने बताया है कि 452 वृक्षों कटान का लक्ष्य प्राप्त हुआ था, जिसमें से 300 वृक्षों का कटान कर दिया गया है, जबकि शेष वृक्षों का कटान 30 सितंबर तक कर दिया जाएगा। मंडलायुक्त ने कहा है कि इस तरह के व्यवधानों के चलते सड़क और बाईपास निर्माण में पहले से ही काफी देरी हो चुकी है, परंतु अब कार्य शुरू हो चुका है तो इसे जल्द पूरा कराएं।
मंडलायुक्त प्रियदर्शी ने प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी, अलीगढ़ को शेष वृक्षों का लॉट डीएलएम इटावा को दो दिन में प्रेषित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनहित के इस कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पीडब्ल्यूडी एक्सईएन ने बताया कि खैर बाईपास पर 155 वृक्षों का कटान किया जाना है, जिसमें 75 फलदार वृक्षों का मूल्यांकन जिला उद्यान अधिकारी अलीगढ़ से करा लिया गया है, जबकि अन्य वृक्षों का मूल्यांकन प्रभागीय निदेशक, सामाजिक वानिकी द्वारा दो दिन में पूर्ण कर लिया जाएगा। उन्होंने मंडलायुक्त को भरोसा दिलाया है कि बिना किसी रुकावट के कार्य शीघ्रता से पूर्ण कराया जाएगा।