थाना बन्ना देवी के पास तिराहा समय रात के 11.56 बजे का नजारा
- फोटो : संवाद
रात के अंधेरे में अलीगढ़ में थाना बन्ना देवी के आसपास गांजा बिकता है। लेकिन पुलिस खामोश रहती है। जागरूक शहरियों द्वारा दी जा रहीं इस प्रकार की सूचनाओं पर जब अमर उजाला की टीम हकीकत जानने 20 मई रात 11:50 बजे मौके पर पहुंची तो तस्वीर हैरान कर देने वाली थी। यहां पर बाइक सवार रुक रहे थे। झुंड बना कर खड़ी महिलाओं से कुछ बातचीत करते। कुछ पुड़िया लेते और पैसे देकर चले जाते। कुछ देर वहां रुकने पर जो देखा वह इस प्रकार था।
स्थान- थाना बन्ना देवी के पास तिराहा- समय रात के 11:50 बजे
जीटी रोड से गूलर रोड की ओर जाने वाले तिराहे पर महिलाएं खड़ी हैं। एक नीली शर्ट पहने बाइक चालक और सफेद शर्ट में पीछे बैठा युवक गुलाबी कपड़े पहने महिला से गांजा खरीद रहा है, जबकि एक और बाइक जीटी रोड से महिलाओं के की ओर बढ़ रही है।
स्थान- थाना बन्ना देवी के पास, तिराहा- समय रात के 11:54 बजे
पहली बाइक सवारों को गुलाबी कपड़े पहने महिला रवाना कर रही है, जबकि जीटी रोड की ओर से आ रही दूसरी बाइक को अन्य महिला जो काला कपड़ा शॉल की तरह डाले है, रुकने का इशारा करती है। ग्रे कलर की टी शर्ट पहनकर बाइक चलाने वाला रुक जाता है।
स्थान-थाना बन्ना देवी के पास, तिराहा- समय रात के 11:56 बजे
अब तक दूसरी बाइक वाला व्यक्ति आराम से महिलाओं के पास आकर बातचीत कर रहा है। कुछ पुड़िया जैसी दिखाई जा रही हैं। दो तीन अन्य महिलाएं भी वहां पर आ गई हैं। युवकों ने यहां से पुड़िया लीं और जेब से निकालकर पैसा दिया।
अवैध मादक पदार्थ की खरीद फरोख्त गंभीर विषय है। इसमें जो भी लोग शामिल हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैंं। - मृगांक शेखर पाठक, एसपी सिटी