गंगा दशहरा पर्व पर 5 जून को सांकरा गंगा घाट पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान कर रहे हैं। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने घाट पर सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए हैं। गंगा में बढ़ते जलस्तर को ध्यान में रखते हुए घाट पर बांस और बल्लियों की बैरिकेडिंग की गई है। निजी गोताखोरों की भी तैनाती की है। एसडीएम अतरौली अमान अंसारी ने बताया एसडीआरएफ की टीम भी बुलाई गई है।
एसडीएम ने 5 जून सुबह गंगा घाट का निरीक्षण किया और बताया कि निचली गंग नहर पर पुल संकरा होने के कारण पुल से पहले ही पार्किंग व्यवस्था की गई है, ताकि पुल पर वाहनों की भीड़ रोकी जा सके। घाट पर ही खोया पाया केंद्र भी बनाया गया है। 5 जून सुबह से ही बाहरी वाहनों के आवागमन पर रोक लगा दी गई है, जिससे यातायात सुचारु रूप से संचालित हो सके। इधर, 4 जून दोपहर से ही सांकरा से गंगा घाट की तरफ सड़क किनारे दुकानें सजने लगी। जिसमें खिलौने, चाट पकौड़ी और शृंगार का अन्य सामान मिल रहा है। खंड विकास अधिकारी के निर्देश पर 4 जून को घाट पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया।
नानऊ पुल पर आज लगेगा गंगा दशहरा का मेला
अकराबाद की ऊपरी गंग नहर नानऊ पुल में हर साल की तरह इस वर्ष भी गंगा दशहरा का मेला आयोजित किया जा रहा है। जिसमें स्थानीय निवासियों के अलावा दूरदराज से सैकड़ों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। मेला में झूले, खिलौने, खान-पान की दुकानें सज रहीं हैं। 4 जून की शाम से ही मेला स्थल गुलजार हो गया है। पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौका मुआयना कर सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता किया। पुलिस की तैनाती की गई है।