दुर्गंध से बीमार हुए लोग पहुंचे अस्पताल
- फोटो : Dig vishal
शहर में फैली चर्बी गलाने की सड़ांध और तीक्ष्ण दुर्गंध से परेशान लोग अब बीमार होने लगे हैं। रविवार रात एक दर्जन लोग ठा.मलखान सिंह जिला अस्पताल पहुंचे, जिनको बदबू की वजह से उल्टी होने लगी थी। इन सभी को इमरजेंसी में प्राथमिक उपचार दिया गया।
इमरजेंसी स्टाफ ने बताया कि 55 वर्षीय चिरंजी उर्फ सत्तो निवासी खैर रोड, 37 वर्षीय सुरेश कुमार निवासी नगला मसानी, मनोज पुत्र राजकुमार निवासी अक्रूर कालोनी और शमशाद पुत्र जुबैर निवासी चरखवालान शाम को अस्पताल पहुंचे। इन सभी ने बताया कि बदबू के कारण उनको सांस लेने में परेशानी हो रही है और इसी कारण से उल्टी आ रही है।
जिससे खाना भी नहीं खाया जा रहा है। इनके अलाव कुछ अन्य मरीज शाम को भी आए थे उनको भी उपचार दिया गया। शहर के गूलर रोड, खैर रोड, सराय लवरिया, भुजपुरा, शाहजमाल, ऊपरकोट, जयगंज, रेलवे रोड, रघुवीरपुरी, बारहद्वारी, दुबे का पड़ाव, आगरा रोड सहित सभी मोहल्लों में शाम से ही बदबू फैल गई थी। रात को समस्या और बढ़ गई। जिससे कुछ लोग बीमार हो गये।