पिता को मुखाग्नि देती डॉक्टर बेटियां।
- फोटो : अमर उजाला
चंडीगढ़ हाईकोर्ट में वकालत करने वाले पिता वीरेंद्र कुमार मित्तल की चिता को बेटी डॉ. अंकिता मित्तल और डॉ. मेघा मित्तल ने मुखाग्नि दी। बेटियों की मां सुषमा रानी टीकाराम कन्या इंटर कॉलेज में प्रवक्ता के पद से सेवानिवृत्त हैं।
पिछले दिनों 65 वर्षीय वीरेंद्र कुमार मूल निवासी रेवाड़ी हरियाणा अचानक बीमार हो गए थे। उन्हें गुड़गांव के मेदांता हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां जांच में पता चला कि वह कोरोना संक्रमित हैं। वह 15 दिन तक वेंटिलेटर पर रहे। शुक्रवार को उनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। संक्रमित होने के कारण कोरोना प्रोटोकॉल की बंदिशें सामने आ गईं।
शव को गुड़गांव से बाहर ले जाने के लिए दोनों बेटियों ने गुड़गांव जिलाधिकारी से संपर्क किया। अनुमति मिलने के बाद दोनों बहनें पिता के शव को पैतृक गांव रेवाड़ी ले गईं और वहां पर शव का अंतिम संस्कार किया। मित्तल बहनों ने संत फिदेलिस स्कूल, अलीगढ़ से 12वीं तक पढ़ाई की थी। डॉ. अंकिता मुरादाबाद के तीर्थंकर महावीर मेडिकल कॉलेज में एसोसिएट प्रोफेसर हैं, जबकि छोटी बहन डॉ. मेघा मित्तल अकराबाद स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्त्री रोग विशेषज्ञ हैं।