फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Aligarh News: क्वार्सी से रसलगंज तक...हर मोड़ पर जाम, रेंगते हैं वाहन

Fri, 07 Aug 2026 02:44 AM IST
अलीगढ़ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अलीगढ़
विज्ञापन
रामघाट रोड पर ओएलएफ स्कूल के सामने सड़क पर लगा जाम। - फोटो : samvad
विज्ञापन
शहर की सबसे व्यस्त सड़कों में शामिल क्वार्सी चौराहे से रसलगंज तक का सफर इन दिनों महज कुछ किमी का नहीं, बल्कि धैर्य की परीक्षा बन गया है। खराब ट्रैफिक सिग्नल, सड़क किनारे अवैध पार्किंग, ई-रिक्शा व ऑटो की मनमानी और अतिक्रमण ने इस पूरे मार्ग पर जाम को रोजमर्रा की समस्या बना दिया है। वाहन चालकों के साथ राहगीरों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
विज्ञापन


बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12 बजे क्वार्सी चौराहे पर ट्रैफिक सिग्नल बंद मिले, जहां यातायात पुलिसकर्मी हाथ के इशारों से वाहनों को नियंत्रित कर रहे थे। आगे केला नगर तिराहा, पराग डेयरी, एडीए व ओएलएफ स्कूल के बाहर सड़क किनारे खड़े वाहन यातायात में बाधा बनते दिखे। किशनपुर तिराहे पर ऑटो और ई-रिक्शा सवारी के इंतजार में सड़क घेरकर खड़े मिले।

गांधी नेत्र चिकित्सालय के बाहर अस्थायी अतिक्रमण, ढकेल और मरीजों को छोड़ने-लेने वाले वाहनों से जाम की स्थिति बनी रही। टीआर गर्ल्स कॉलेज के बाहर छुट्टी के समय अभिभावकों के वाहन सड़क पर कतार में खड़े मिले। मीनाक्षी पुल से दुबे का पड़ाव, गांधी पार्क, पुराना बस स्टैंड, माल गोदाम और रसलगंज तक अव्यवस्थित पार्किंग, अतिक्रमण और मिश्रित यातायात के कारण रेंगता ट्रैफिक पूरे मार्ग पर लोगों की परेशानी बढ़ाता रहा।
विज्ञापन




शहर में पार्किंग स्थल न होने की वजह से जाम की समस्या बनी रहती है। नगर निगम ने पार्किंग के लिए कोई स्थान तय नहीं किया है।
- आशीष गोयल, दुबे का पड़ाव

प्रमुख बाजारों में वाहनों की नो एंट्री न होने से लोग बगैर किसी रोकटोक के अपने वाहन बाजार में लेकर घुस आते हैं। इससे बाजारों में जाम लग जाता है।
- डाॅ. गोविंद माहेश्वरी, जनकपुरी

शहर में लोग फुटपाथ या रोड पर अपने वाहन खड़े कर रहे हैं। सड़क पर वाहनों के खड़े रहने से सड़क से गुजरने वाले लोगों को परेशानी होती है।

- अमन कुमार, केला नगर

पांच मिनट का सफर कई बार 20- 30 मिनट में पूरा होता है। सबसे बड़ी समस्या अवैध पार्किंग है। शहर को मल्टीलेवल पार्किंग और सख्त ट्रैफिक प्रबंधन की जरूरत है।
-आलोक प्रताप, स्वर्ण जयंती नगर


शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। जल्द ही इसके परिणाम देखने को मिलेंगे। शहर में पार्किंग व्यवस्था के अलावा जाम वाले स्थलों को चिह्नित किया गया है। जाम के कारणों का स्थायी समाधान कराया जाएगा, जिससे शहरवासियों को जाम की समस्या से निजात मिल सके।

- प्रेमप्रकाश मीणा, नगर आयुक्त

चालान व जुर्माने की कार्रवाई से समस्या का समाधान संभव नहीं है। जब तक लोग स्वयं ट्रैफिक नियमों का पालन करने और निर्धारित स्थान पर पार्किंग की आदत नहीं अपनाते, तब तक स्थिति नहीं सुधरेगी।
विज्ञापन

- प्रवीण यादव, एसपी ट्रैफिक
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें