थाना बन्नादेवी क्षेत्र के बरौला जाफराबाद में एक युवक का उसके दोस्तों ने अपहरण कर लिया और छोड़ने के एवज में 50 हजार रुपये मांगे। इस दौरान उसे पीटा गया, वीडियो बनाकर भाई को भेज दी। मगर रुपये नहीं आने पर उसे छोड़ दिया। मामले में एसएसपी के निर्देश पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
सर्वोदय नगर बरौला के अर्जुन गोस्वामी के अनुसार वह एसी-कूलर की दुकान पर मैकेनिक है। रविवार को दुकान पर जाते समय मोहल्ले के वरुण उर्फ तन्नू, रोहन, ऋषभ उर्फ भल्लू, हैरी तोमर आदि उसे कार सहित बरौला पर मिले। उन्होंने उसे बुलाकर तमंचा सटा दिया और जबरन गाड़ी में बैठा लिया। चलती कार में मारपीट कर 50 हजार रुपये घर से मंगाने का दबाव बनाया। विरोध पर मारपीट की गई और मोबाइल फोन से वीडियो बना ली। इस वीडियो को उन्होंने भाई करण के मोबाइल पर भेज दिया और 50 हजार की रकम मांगी।
इस पर करण ने तत्काल इलाका पुलिस को खबर दी। वहीं आरोपी उसे घंटों कार में लेकर घूमते रहे। बाद में पुलिस को जानकारी देने की बात पता चलने पर आरोपी उसे कार से उतार कर भाग गए। आरोप है की बन्नादेवी पुलिस घंटों इस मामले को लेकर टालमटोल करती रही। सोमवार को पीड़ित एसएसपी कलानिधि नैथानी के पास पहुंचा। मामले में वीडियो दिखाते हुए शिकायत की। एसएसपी के निर्देश पर मुकदमा दर्ज किया गया है। सीओ द्वितीय ने बताया कि आरोपियों की तलाश जारी है। वे सभी फरार हैं।