महानगर के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में शमशाद मार्केट पर शनिवार दोपहर रुपयों की देनदारी को लेकर हुए विवाद में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप रुपये उधार लेने वाले दोस्त पर ही है। इस दौरान फायरिंग पर वहां भगदड़ मच गई। आनन-फानन जख्मी हालत में युवक को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। मगर, उसे मृत घोषित कर दिया गया। वहीं, कुछ देर के प्रयास के बाद आरोपी को हिरासत में ले लिया है। देर रात तक पूछताछ की जा रही थी।
मूल रूप से नगला मल्ला गली नंबर 7 निवासी 22 वर्षीय शाहरुख पुत्र इकरार अमीर निशा में फोटो स्टूडियो पर काम करता था। पिता मजदूरी करते हैं और घर में कुल चार भाई-बहन हैं। घटना के वक्त शाहरुख के साथ मौजूद उसके दोस्त समीन ने बताया कि दोपहर में वह खुद उसे घूमने के इरादे से घर से बुलाकर लाया था। इसी बीच शाहरुख ने बताया कि उसके 8 हजार रुपये शमशाद मार्केट पर रहने वाले दोस्त जैन लोधी पर हैं। उससे वहां जाकर रुपये लाने हैं। इस पर वह दोनों शमशाद मार्केट पहुंचे। जहां समीन तो एक चाय की दुकान पर बैठकर चाय पीने लगा, जबकि शाहरुख लोधी हाउस के बराबर एक खाली प्लाट में जैन लोधी से बात करने लगा।
इसी बीच दोनों में कुछ मुंहवाद हुआ और कुछ देर में शाहरुख के गोली मार दी गई। इसके बाद जैन लोधी तो भाग गया। समीन दौड़कर मौके पर पहुंचा और तत्काल शाहरुख के परिवार को सूचना देते हुए उसे मेडिकल कॉलेज लेकर गया। जहां देखते ही मृत घोषित कर दिया गया। इसी बीच खबर पर परिवार व पुलिस भी पहुंच गई। परिवार वाले वहां से दूसरे डॉक्टर के पास लेकर गए। मगर, उसने भी इनकार कर दिया। बाद में पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इंस्पेक्टर सिविल लाइंस प्रमेंद्र कुमार के अनुसार परिवार ने जैन लोधी के खिलाफ तहरीर दी है, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। वहीं आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।