महानगर के क्वार्सी क्षेत्र में रामघाट रोड स्थित एक होटल में हॉली-डे पैकेज बुकिंग के नाम पर ठगी करने वाले ट्रैवल कंपनी के सदस्यों द्वारा धोखाधड़ी करने के साक्ष्य पुलिस को मिल गए हैं। इसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर सभी छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। बुधवार को उन्हें जेल भेजा जाएगा।
मंगलवार देर शाम होटल से इन एजेंटों को पकड़ा गया था। बुधवार को भी दिन में चली जांच पड़ताल के बाद पता चला कि देहलीगेट गूलर रोड निवासी तरुण अग्रवाल के पास नौ सितंबर को वर्ल्ड टूर पैकेज लेने के लिए फोन आया। बताया गया कि कंट्रीयाड इंपीरियल इनिंग एंड सर्वर कंपनी के एजेंट होटल में मिलेंगे। उनसे मिलने पर बुकिंग हो जाएगी। तरुण होटल में पहुंचे तो वहां बतौर एजेंट सचिन मलिक, राशिद अख्तर, मिथुन, कलिता, सहवाग व दीपक से मुलाकात हुई।
उन्होंने 1.68 लाख रुपये का वर्ल्ड टूर पैकेज 10 साल की सदस्यता के साथ दिया। बतौर एडवांस 42 हजार रुपये ले लिए। बदले में कागजों में तीन साल की सदस्यता देकर बाकी रुपये बाद में देने पर शेष वर्षों की सदस्यता देने का वादा किया गया। तरुण के अनुसार इसके बाद वह 12 सितंबर को परिवार के साथ वृंदावन जाने के लिए होटल में एजेंटों द्वारा दिए गए कंपनी के नंबरों पर फोन करते रहे, मगर उन्हें कोई सहूलियत मिलना तो दूर किसी तरह का जवाब नहीं मिला। एसएसआई क्वार्सी के अनुसार तरुण की इस शिकायत के आधार पर सभी पर मुकदमा दर्ज कर नामजद सचिन मलिक, राशिद अख्तर,मिथुन, कलिता, सहवाग व दीपक को गिरफ्तार कर लिया गया है।