मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत जिले के इगलास व जवां में हुए घोटाले के तार पूरे जिले में फैले होने की आशंका जाहिर की गई है। एक शिकायत के बाद जिले के प्रभारी मंत्री सुरेश राणा ने डीएम चंद्रभूषण सिंह को इस मामले की गंभीरता से जांच कराने के निर्देश दिए हैं। इससे समाज कल्याण विभाग में खलबली मच गई है। बताया जा रहा है कि इस घोटाले में कई कर्मचारी फंसने वाले हैं।
बता दें कि इगलास व जवां के कुछ लोगों के खाते में समाज कल्याण विभाग के कर्मचारियों ने उनसे साठगांठ करते हुए मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत रकम भेज दी थी। बाद में इस रकम को निकालकर बंदरबांट किया गया। यह मामला सामने आने के बाद विभाग ने जांच भी बैठाई थी। उसमें प्रकरण सही पाया गया। अब इगलास थाना क्षेत्र के तेहरा गांव निवासी जितेंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री सहित जिले के प्रभारी मंत्री सुरेश राणा से शिकायत की है। उन्होंने इस घोटाले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। उन्होंने शिकायत में साफ तौर पर कहा है कि पूरे जिले में इसी प्रकार से घोटाला हुआ है। प्रभारी मंत्री सुरेश राणा ने मामले की जांच डीएम को सौंपी है।