हरदुआगंज तापीय परियोजना कासिमपुर पावर हाउस की चारों यूनिटें थर्मल वेटिंग पर चलाई जा रही हैं। यानि इन यूनिटों से क्षमता से आधा विद्युत उत्पादन किया जा रहा है। परियोजना के अधिकारियों के अनुसार यह फैसला प्रदेश में बिजली की मांग घटने पर लिया गया है। यूनिट नंबर सात 65 मेगावाट, यूनिट नंबर आठ 130 मेगावाट, यूनिट नंबर नौ 130 मेगावाट व 660 मेगावाट की यूनिट नंबर दस से 365 मेगावाट विद्युत उत्पादन लिया जा रहा है। जबकि चारों यूनिटों से 1270 मेगावाट विद्युत का उत्पादन होता है।
अधिकारियों के अनुसार कासिमपुर पावर हाउस की चारों यूनिटों को आधी क्षमता पर चलाने से कोयला संकट में भी सुधार आयेगा। कोयले की खपत भी कम होगी। चारों यूनिटों को पूरी क्षमता से चलाने के लिए 18000 मीट्रिक टन कोयला प्रतिदिन चाहिए। सूत्रों से मालूम हुआ है कि परियोजना के कोल यार्ड में एक लाख चालीस हजार मीट्रिक टन कोयले का ही स्टॉक है।