36.91 करोड़ रुपये से बन रहा 3.1 किमी लंबा मार्ग, डीएम ने कोर कटर से कटिंग कर जांची गुणवत्ता
अलीगढ़। महरावल रेलवे स्टेशन से भुकरावली तक बन रही फोरलेन सड़क का निर्माण नवंबर के अंत तक पूरा करना होगा। निर्माण कार्य की धीमी रफ्तार पर जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि तय समयसीमा में सड़क का निर्माण पूरा किया जाए और गुणवत्ता से किसी तरह का समझौता न हो।
मंगलवार को निर्माण कार्य का जायजा लेने पहुंचे डीएम ने सड़क की गुणवत्ता परखने के लिए कोर कटर से डीबीएम लेयर की कटिंग कराई। इसके बाद निकाले गए नमूने की छंटाई और तौल कराकर निर्माण सामग्री की जांच की। उन्होंने अभियंताओं को निर्माण के प्रत्येक चरण में निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
लोक निर्माण विभाग के निर्माण खंड के अधिशासी अभियंता संजीव पुष्कर ने बताया कि 36.91 करोड़ रुपये की लागत से 3.1 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क का निर्माण आकाशदीप कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड करा रही है। भूमि अधिग्रहण में देरी के कारण काम निर्धारित समय पर पूरा नहीं हो सका। अब तक करीब 65 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हुआ है।
डीएम ने शेष काम में तेजी लाने के लिए अतिरिक्त श्रमिक और संसाधन लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने नियमित निगरानी कराकर तय समयसीमा में निर्माण पूरा कराने को कहा। सड़क बनने से महरावल रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों और आसपास के क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी। शहर से रेलवे स्टेशन तक पहुंचना भी आसान हो जाएगा।
निरीक्षण के दौरान सहायक अभियंता अनिरुद्ध कुमार, गुरुचरण सिंह और अवर अभियंता रूप सिंह, लेखराज सिंह, कोविंद प्रकाश, चन्द्र बोस सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।