आग लगने के बाद घटना स्थल पर खड़े हुए ई रिक्शा। स्रोत स्वयं
महानगर के जैन गार्डन इलाके में देर रात एक ई-रिक्शा चार्जिंग पार्किंग भीषण आग की लपटों से घिर गई। शॉर्ट-सर्किट से लगी इस आग में चार ई-रिक्शा पूरी तरह जलकर राख हो गए। ई-रिक्शा जलने से चालकों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
पुलिस के मुताबिक अनूपशहर रोड पर एफएम टावर स्थित जैन गार्डन के पास स्थित इस पार्किंग में चालक गाड़ियों को चार्जिंग पर लगाकर अपने घरों को लौट गए थे। रात के सन्नाटे में अचानक तारों में शॉर्ट-सर्किट हुआ और आग ने विकराल रूप ले लिया। आग की लपटें इतनी ऊंची उठीं कि दूर-दूर से आसमान में धुआं और रोशनी दिखाई देने लगी।
स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचित किया। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग को आसपास की इमारतों तक फैलने से तो रोक लिया। हालांकि, पार्किंग के अंदर खड़ी गाड़ियां जल गईं।
इस हादसे ने चालकों के सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा कर दिया है। एक पीड़ित ने बताया कि ये ई-रिक्शा बैंक से लोन लेकर खरीदा था। हर महीने कमाई का बड़ा हिस्सा किस्त में जाता था। अब रिक्शा ही नहीं बचा तो किस्त कहां से देंगे और परिवार को क्या खिलाएंगे।
एक अन्य चालक ने बताया कि गाड़ी का बीमा कुछ दिन पहले ही समाप्त हुआ था। अब उसे न तो बीमा कंपनी से कोई उम्मीद है और न ही अपनी जमा पूंजी से दोबारा नया वाहन खरीदने की सामर्थ्य है। चालकों ने जिला प्रशासन और नगर निगम से हादसे की जांच कराकर आर्थिक मदद या मुआवजा देने की मांग की है। एफएसओ संजीव कुमार ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया। कोई जनहानि नहीं हुई है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।