शहर में कोरोना मीटर लगातार रफ्तार पकड़ रहा है। बुधवार को छह संक्रमित मरीज मिलने के बाद बृहस्पतिवार को चार और नए मरीज सामने आए हैं। इस तरह जिले में अब तक संक्रमित पाए गए मरीजों की संख्या बढ़कर 54 हो गई है, जिनमें से दो की मौत हो गई और 11 स्वस्थ हो गए और 41 सक्रिय मरीजों का इलाज चल रहा है।
बृहस्पतिवार सुबह कोरोना बुलेटिन में उस्मानपाड़ा हॉटस्पॉट क्षेत्र से 3 नए मरीज सामने आए, जबकि शाम को भुजपुरा इलाके से एक मरीज कोरोना जांच में पॉजिटिव पाया गया है। उस्मानपाड़ा हॉटस्पॉट क्षेत्र में ही शामिल घनी आबादी वाले पुराने शहर के टनटनपाड़ा, मंदिर वाली गली की 26 वर्षीय महिला, मामूदनगर की 20 वर्षीय युवती व उस्मानपाड़ा का 15 वर्षीय किशोर कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं।
15 वर्षीय किशोर दो दिन पहले कोरोना से मृत महिला का बेटा है, जबकि 26 वर्षीय महिला का पति 2 मई को कोरोना पॉजिटिव आया था और वह एल-1 अस्पताल में भरती है। 20 वर्षीय युवती का भाई पहले से संक्रमित है और वह भी एल-1 अस्पताल में भरती है। इन सभी का नमूना 3 मई को लिया गया था। वहीं, भुजपुरा सब्जी मंडी क्षेत्र से 17 वर्षीय किशोर कोरोना संक्रमित पाया गया है। यह किशोर दो दिन पहले तबियत बिगड़ने पर मेडिकल कॉलेज इलाज कराने गया था, जहां उसका सैंपल लिया गया था।
- आज भी चार कोरोना संक्रमित पाए जाने संबंधी दुखद खबर आई है। संक्रमित मरीजों के आवास के एक किलोमीटर एरिया को सील कर सैनिटाइज करने का कार्य शुरू कर दिया गया है। मरीजों की ट्रेवल हिस्ट्री एवं संपर्क में आए लोगों का पता लगाया जा रहा है। परिवार एवं संपर्क में आए लोगों का नमूना लिया जाएगा। संक्रमित मरीजों को कोविड-19 हॉस्पिटलों भरती किया जा रहा है। -चंद्रभूषण सिंह, जिलाधिकारी