सूचना पर पहुंची पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया, जिन्हें गोपनीय स्थान पर ले जाकर देर रात तक पूछताछ चल रही थी। वहीं पुलिस की टीमों ने सॉल्वरों व गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश में मेडिकल कॉलेज रोड के अहमद अपार्टमेंट, लालडिग्गी रोड के अब्दुल्ला अपार्टमेंट, शमशाद मार्केट आदि स्थानों पर दबिश दी। सीओ तृतीय अनिल समानिया के अनुसार एएमयू का एमबीए का पेपर आउट कराकर उसे हल कर अंदर भेजा गया था। मामले में तहरीर भी मिल गई है और चार लोग हिरासत में हैं। कुछ लोगों का पकड़ा जाना बाकी है। पकड़े गए लोगों में बसपा नेता फिरोज आलम उर्फ राजा, एक पूर्व छात्र हैदर व दो एएमयू कर्मचारी तारिक खान व मो. इरशाद शामिल हैं। इन पर देर रात मुकदमा दर्ज किया जा रहा था।
एएमयू में पेपर आउट होने के मामले में चार लोगों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ व रैकेट के अन्य सदस्यों तक पहुंचने का प्रयास जारी है। जल्द ही इस मामले का खुलासा किया जाएगा। -आकाश कुलहरि एसएसपी
एमबीए की प्रवेश परीक्षा का पेपर लीक होने की सूचना मिलने के बाद परीक्षा अधीक्षक की ओर से एएमयूकर्मी तारिक खान, मो. इरशाद के अलावा फिरोज आलम उर्फ राजा व हैदर के खिलाफ तहरीर दे दी गई है, जिस पर पुलिस मुकदमा दर्ज कर रही है। बाद में समीक्षा के आधार पर परीक्षा रद्द करने पर निर्णय लिया जाएगा। -अब्दुल हमीद, रजिस्ट्रार, एएमयू