पूर्व विधायक हाजी जमीरउल्लाह खां ने अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार को ज्ञापन देकर दुबई में 22 दिसंबर को प्रस्तावित सर सैयद ग्लोबल एक्सीलेंस लीडरशिप अवार्ड 2018 समारोह के आयोजकों की जांच कराने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि एएमयू से संबंध रखने वाले कार्यक्रम के आयोजक पाकिस्तानी नागरिक को अवार्ड प्रदान कर रहे हैं। जबकि पाकिस्तान से हमारे देश के रिश्ते अच्छे नहीं है और पाकिस्तानी सैनिक लगातार हमारे देश को नुकसान पहुंचा रहे हैं।
हाजी जमीरउल्लाह खां का कहना है कि सर सैयद ग्लोबल एक्सीलेंस लीडरशिप अवार्ड 2018 समारोह का आयोजन एक इवेंट कंपनी द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने कुलपति से इवेंट कंपनी के मालिक के खिलाफ तुरंत कानूनी कार्यवाही की मांग की है। इस कार्यक्रम में पाकिस्तान के कराची के यूनिवर्सिटी ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के संस्थापक स्व. जिल्ले अहमद निजामी को किस हैसियत से सम्मानित किया जा रहा है? इससे एएमयू के नाम की बदनामी होगी।