अलीगढ़ महानगर के गांधीपार्क थाना क्षेत्र के बौनेर के पास ड्रीम सिटी काॅलोनी में 29 मार्च दोपहर निर्माणाधीन मकान में सो रहे पूर्व सैन्यकर्मी को गोली मार दी गई। घटना के बाद हमलावर भाग गए। घटना का कारण स्पष्ट नहीं है। घायल को मेडिकल कॉलेज भेजकर पुलिस सीसीटीवी की मदद से जांच में जुटी है।
मूल रूप से अकराबाद के गांव स्वामी मोहनपुर निवासी सेना से सेवानिवृत्त 62 वर्षीय रामवीर सिंह बौनेर स्थित ड्रीम सिटी काॅलोनी में मकान बनवा रहे हैं। 29 मार्च को मजदूर काम पर नहीं आए। वे दोपहर में निर्माणाधीन मकान में चारपाई पर सोए थे, तभी दो बजे करीब दो युवक आए और तमंचे से फायर कर भाग गए। गोली रामवीर सिंह के कमर के निचले हिस्से में लगी।
फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग आ गए। खबर पर पुलिस भी आ गई। गांव से आए परिजनों ने किसी तरह की रंजिश या विवाद से इंकार किया है। पुलिस ने घायल रामवीर को मेडिकल कालेज में भर्ती कराया है। सीओ द्वितीय राजीव द्विवेदी के अनुसार अभी तक हमले का कारण उजागर नहीं हुआ। सीसीटीवी की मदद से जांच की जा रही है। कोई ठोस साक्ष्य सामने नहीं आया है। जांच व तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।