अलीगढ़ में शादी अनुदान योजना के तहत अपात्रों के नाम लाखों रुपये के बजट का बंदरबांट करने का मामला सामने आया है। शासन स्तर से हुई जांच के बाद इस फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है। जांच में कई कर्मचारियों की भूमिका भी संदिग्ध मिली है। कमिश्नर ने इस मामले में डीएम को पत्र भेजकर दोषियों पर कार्यवाही करने के अलावा अपात्रों से सरकारी धन की वसूली कराने के निर्देश दिए हैं।
सरकार ने गरीब बेटियों की शादी के लिए शादी अनुदान योजना संचालित कर रखी है। जिले में शादी अनुदान योजना में गड़बड़ी की शिकायतों को लेकर शासन ने उप निदेशक समाज कल्याण संदीप कुमार से जांच कराई। इसमें सामान्य वर्ग के 51, पिछड़ा वर्ग के 157, अल्पसंख्यक वर्ग के 107 और अनुसूचित जाति के 30 लाभार्थियों समेत कुल 345 आवेदन जांच में फर्जी निकले हैं। इन सभी अपात्र लाभार्थियों को 20-20 हजार रुपये के हिसाब से अनुदान दिया जा चुका है।