सिकंदराराऊ में खाद्य प्रसंस्करण इकाई में सोया चाप का उत्पादन शुरू हो गया है। 85 करोड़ रुपये के निवेश से इस फैक्टरी को लगाने के लिए यूपी इन्वेस्टर समिट में समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर हुए थे। जल्द इसमें फ्रोजन सब्जियों का भी उत्पादन शुरू होगा।
बेमौसम सब्जियां एवं फल आदि खाने की इच्छा रखने वालों की कमी नहीं है। ऐसे में फ्रोजन सब्जियों, फल और अन्य उत्पादों की मांग भी बढ़ रही है। सिकंदराराऊ में शुरू हुई एसएनसी एग्रो प्राइवेट लिमिटेड में आंशिक उत्पादन शुरू हो गया है। फैक्टरी के प्रबंधक एचआर रितिक राणा ने बताया कि सोया चाप का उत्पादन शुरू हो गया है। अन्य उत्पाद शीघ्र बनने शुरू हो जाएंगे। उन्होंने बताया कि उनका लक्ष्य यहां कम से कम 400 लोगों को रोजगार देने का है। उपायुक्त जिला उद्योग केंद्र अजलेश कुमार का कहना है कि सिंगल विंडो के जरिये निवेशकों को सुविधाएं दी जा रही हैं। तेजी से जिले में उद्योगों की स्थापना हो रही है।
जिले में हो रही 41 औद्योगिक इकाइयोंकी स्थापना
जिले में कुल 41 नई औद्योगिक इकाइयों की स्थापना की जा रही है। इसें 18 उद्योग एमएसएमई सेक्टर के हैं। इनमें रेडीमेड गारमेंट्स, हींग, बैटरी, दलहन, ऑक्सीजन प्लांट आदि शामिल हैं। इसके अलावा दो कोल्ड स्टोरेज, एक दुग्ध विकास, एक मेडीकल एजूकेशन, एक टेक्सटाइल उद्योग, 10 कोल्ड चेन, चार नई कॉलोनी, एक स्कूल, एक टेक्निकल एजूकेशन, एक टूरिज्म रेस्टोरेंट की स्थापना होने जा रही है।