दिल्ली हावड़ा ट्रैक पर इलाहाबाद के पास मुरी एक्सप्रेस के पटरी से उतर जाने की घटना के बाद पूरा ट्रैक ही बाधित हो गया है। पांच ट्रेनें रद हो गईं और दर्जनों ट्रेनें रास्ते में फंस गईं। सैकड़ों की संख्या में टिकट रद हुए। सैकड़ों यात्री अलीगढ़ जंक्शन पर भी फंस गए। यहां पर कई ट्रेनों को रद करने की सूचना के बाद यात्रियों ने स्टेशन पर जमकर हंगामा काटा। पूछताछ पर यात्री रेलवे कर्मियों से उलझते रहे।
वह लोग जिन्हें अलीगढ़ से ही अपनी यात्रा शुरू करनी थी वह घंटों रेलवे प्लेटफार्म पर ही इंतजार करने को मजबूर हो गए। रीवा एक्सप्रेस को बिना सूचना के रद कर दिए जाने से गुस्साए यात्रियों ने गाजियाबाद में जमकर हंगामा काटा। यही स्थिति अलीगढ़ जंक्शन रेलवे स्टेशन पर देखने को मिली। दुर्घटना इलाहाबाद के पास हुई थी लेकिन हादसे के बाद पूरे ट्रैक पर जो ट्रेन जहां पर थी वहीं रुक गई।
कुछ ट्रेनों को बीच में ही रोकने से यात्री बीच जंगल में ही फंस गए। जो ट्रेनें रद की गई हैं उनमें इलाहाबाद से दिल्ली जाने वाली प्रयागराज एक्सप्रेस, इलाहाबाद से देहरादून जाने वाली संगम एक्सप्रेस, दिल्ली से कोलकाता जाने वाली कोलकाता आनंद विहार एक्सप्रेस, दिल्ली से पटना जाने वाली मगध एक्सप्रेस और नई दिल्ली से रीवा जाने वाली रीवा एक्सप्रेस को रद कर दिया गया। इस कारण यात्री भटकते रहे।
कई यात्रियों की रेलवे कर्मियों के साथ नोकझोंक भी हो गई। प्लेटफार्म पर यात्रियों के प्रतीक्षालय भर गए। लोगों ने प्लेटफार्म पर चादर बिछा कर वक्त काटा। भीषण गर्मी में यात्री बिलबिला कर रह गए। यात्रियों की भीड़ के चलते रेलवे प्लेटफार्म पर सभी व्यवस्थाएं चरमरा कर रह गईं।