मंडलायुक्त एवं जिले के नोडल अधिकारी गौरव दयाल ने सोमवार को कोविड डेडीकेटेड एल-टू श्रेणी के दीनदयाल उपाध्याय संयुक्त चिकित्सालय का निरीक्षण किया। मरीजों की भर्ती प्रक्रिया के लिए स्थापित कोविड हेल्प डेस्क पर अव्यवस्था मिलने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जाहिर की। मौके पर ही उन्होंने पांच ऑक्सीजन कंस्ट्रेटर के साथ बेड लगाने को कहा, जिससे भर्ती प्रक्रिया में लगने वाले समय के दौरान भी मरीज को प्राथमिक उपचार मिल सके।
उन्होंने कहा कि बिना सीएमएस अथवा नोडल अधिकारी के अनुमति के यहां से ऑक्सीजन कंस्ट्रेटर न हटाया जाए। इसी के साथ मंडलायुक्त ने वार्ड में भर्ती मरीजों से वार्ता की तथा उनके परिजनों से भी हालचाल पूछा। सीएमएस दीनदयाल को यह निर्देश दिया कि प्रत्येक मरीज से सीएमएस दिन में एक बार वार्ड में घूम कर उनसे बात करें। उनके इलाज के संबंध में समुचित जानकारी प्राप्त करें। दीनदयाल में होने वाली मृत्यु के संबंध में भी मंडलायुक्त द्वारा सीएमएस को यह निर्देश दिए कि सही ढंग से ऑडिट कराई जाए तथा उनकी जानकारी उनके समक्ष रखी जाए। इस मौके पर एसडीएम कोल रंजीत सिंह, अपर निदेशक स्वास्थ्य डॉ एसके उपाध्याय, सीएमएस दीनदयाल, डॉक्टर वीके सिंह, तथा अन्य स्टाफ मौजूद रहा।