लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में शामिल अलीगढ़ संसदीय क्षेत्र में 26 अप्रैल को होने वाले मतदान के लिए नामांकन की प्रक्रिया जारी है। 5 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच हुई। आधे-अधूरे व गड़बड़ी वाले पांच नामांकन पत्र खारिज कर दिए गए। कुल 16 प्रत्याशियों के नामांकन पत्र जांच में सही पाए गए हैं। 8 अप्रैल को नाम वापसी के बाद ही प्रत्याशियों की तस्वीर साफ होगी।
बीती 27 मार्च से आठ दिन तक चली नामांकन प्रक्रिया में 21 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। इनमें भाजपा प्रत्याशी सतीश कुमार गौतम, सपा प्रत्याशी चौधरी बिजेंद्र सिंह ने चार-चार सेट, बसपा प्रत्याशी हितेंद्र कुमार उर्फ बंटी ने तीन सेट में नामांकन पत्र दाखिल किया है। कलेक्ट्रेट स्थित एडीएम न्यायिक के कोर्ट में चल रहे नामांकन की जांच-पड़ताल 5 अप्रैल को हुई। आरओ व डीएम विशाख जी, एआरओ ज्वाइंट मजिस्ट्रेट शास्वत त्रिपुरारी ने गहनता से जांच की।
उपजिला निर्वाचन अधिकारी पंकज कुमार ने बताया कि 35 लोगों ने नामांकन पत्र खरीदे थे। 14 प्रत्याशी नामांकन करने ही नहीं पहुंचे। भाजपा, सपा, बसपा समेत छोटे दलों के कुल 21 प्रत्याशियों ने ही अपना नामांकन दाखिल किया था। इनमें 16 पत्र जांच में सही पाए गए। पांच प्रत्याशियों के नामांकन अपात्र मिलने पर खारिज कर दिए गए। चुनाव मैदान में कुल 16 प्रत्याशी रह गए हैं। आठ अप्रैल को नाम वापसी के बाद चुनाव चिन्हों का आवंटन होगा। इसके बाद ही सही तस्वीर सामने आएगी। 26 अप्रैल को मतदान और चार जून को धनीपुर मंडी में मतगणना होगी।
इनके नामांकन पत्र जांच में मिले सही
1- सतीश कुमार गौतम, भारतीय जनता पार्टी
2- सतीश कुमार, निर्दलीय
3- महेश कुमार, निर्दलीय
4- मुकेश कुमार, राष्ट्रीय जनसंचार दल
5- मनोज कुमार शर्मा, लोकतांत्रिक जनशक्ति पार्टी
6- मनोज कुमार, समान अधिकार पार्टी
7- चौधरी बिजेंद्र सिंह, समाजवादी पार्टी
8- केशव देव, भ्रष्टाचार विरोधी सेना
9- सुरेंद्र, मौलिक अधिकार पार्टी
10- हितेंद्र कुमार बंटी, बहुजन समाज पार्टी
11- सतीश कुमार, स्वतंत्र जनता पार्टी
12- ज्ञानी राम, निर्दलीय
13- राजेश कुमार, निर्दलीय
14- दिलीप कुमार शर्मा, एआईएमआईएम
15- भूपेंद्र पाल सिंह, निर्दलीय
16- राजकुमार, राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी
इनके नामांकन हुए खारिज
1- कैलाश कुमार, बहुजन मुक्ति मोर्चा
2- मोहम्मद जकी, निर्दलीय
3- मोहम्मद शकील, भारत जोड़ो पार्टी
4- दर्शन पाल सिंह, निर्दलीय
5- पुष्पेंद्र कुमार, वंचित समाज इंसाफ पार्टी