जहरीली शराब कांड में गिरफ्तारी अभियान एक बार फिर तेज हो गया है। पिछले 48 घंटे के प्रयास में पुलिस टीमों ने पांच और शराब तस्कर गिरफ्तार किए हैं। वहीं इनामी मदन गोपाल की तलाश में हरियाणा में डेरा डाले टीमों ने घेराबंदी तेज कर दी है। उम्मीद है कि सोमवार को बड़ी सफलता हाथ लगेगी।
एसएसपी कलानिधि नैथानी के अनुसार शराब कांड में अकराबाद से वांछित सुमित उर्फ सोनी पुत्र सुरेशपाल सिंह निवासी दरनगर अकराबाद को दबोचा गया है। वहीं इसी थाने से वांछित अवधेश कुमार पुत्र कृपाल सिंह निवासी सिकंदरपुर अकराबाद को दबोचा गया है। पिसावा से वांछित संदीप कुमार उर्फ अर्जुन पुत्र मुनेश निवासी शादीपुर व वीरपाल पुत्र लोहरे सिंह निवासी शादीपुर को दबोचा गया है। इसके अलावा क्वार्सी से वांछित नवरत्न नाथ पुत्र प्रताप नाथ निवासी चंदनिया को दबोचा गया है। उन्होंने गिरफ्तारी अभियान में जुटी टीमों को स्पष्ट हिदायत दी है कि जो भी इस कांड में फरार हैं, उनकी जल्द से जल्द गिरफ्तारी की जाए। वहीं हरियाणा में छिपे बैठे मदन की तलाश में टीम वहां डेरा डाले हुए हैं। बता दें कि इस कांड में अब तक 70 गिरफ्तारी हो चुकी हैं। जिनमें आधा दर्जन मुख्य आरोपी हैं। बाकी उनके सहायक हैं।
गैंगेस्टर सहित दो गिरफ्तार
पुलिस के गिरफ्तारी अभियान के तहत क्वार्सी पुलिस द्वारा तालानगरी में पकड़ी गई शराब फैक्टरी कांड में गैंगेस्टर में वांछित सोमू उर्फ हेमन्त पुत्र मही सिंह निवासी ताऊ का नगला सासनीरोड इगलास को सिविल लाइंस पुलिस ने दबोचा है। वहीं क्वार्सी पुलिस ने हमले का आरोपी शाहरुख निवासी रजनानगर दबोचा है।