अलीगढ़ के टप्पल में दबोचे गए भ्रूण लिंग जांच करने वालों को जेल भेज दिया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश भी की जा रही है। संचालक आदि की जानकारी जुटाई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने भी मामले में दस्तावेज व पंजीकरण आदि की जांच शुरू कर दी है।
अलीगढ़ में टप्पल के नूरपुर रोड पर बीएस हॉस्पिटल एंड डायग्नोस्टिक सेंटर में गर्भवती महिला के गर्भ में भ्रूण लिंग की जांच करने के पांचों आरोपी 28 मार्च को जेल भेज दिए गए। इन पांचों को अलीगढ़ व हरियाणा की स्वास्थ्य टीमों ने संयुक्त कार्रवाई में मौके से दबोचा था। वहीं, पुलिस इस मामले में फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।
विज्ञापन
पलवल स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अलीगढ़ की टीम को साथ लेकर गर्भवती महिला को भ्रूण लिंग की जांच के लिए यहां भेजा। इस दौरान महिला से 35 हजार रुपये लिए गए। अल्ट्रासाउंड कर उसके गर्भ में पल रहे भ्रूण का लिंग बताया। तभी टीम ने रंगेहाथ अल्ट्रासाउंड कर रहे तकनीशियन सहित पांच लोग दबोच लिए।
वहीं, एक कर्मचारी काउंटर से व छत से सेंटर संचालक लापता हो गया। इस मामले में पकड़े गए पांचों आरोपियों तकनीशियन दीपक शर्मा निवासी गांव पर्सिवान बुजुर्ग जिला सिवान बिहार हाल निवासी बीएस हॉस्पिटल, सुशील कुमार निवासी सैनी नगर रसूलपुर रोड पलवल, भोलू निवासी टप्पल, कपील उर्फ छोटू व खेम सिंह निवासी आदर्श कालोनी बंसल वाली गली पलवल को पुलिस के सुपुर्द कर दिया। मामले में डिप्टी सीएमओ डॉ. दिनेश खत्री की ओर से पकड़े गए पांचों व फरार आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कराया गया।
विज्ञापन
एसएचओ टप्पल के अनुसार पांचों आरोपी जेल भेज दिए गए हैं। सीओ वरुण सिंह के अनुसार मामले में जो फरार हैं, उन्हें तलाश किया जा रहा है। साथ में संचालक आदि की जानकारी जुटाकर कार्रवाई की जाएगी। इधर, स्वास्थ्य विभाग ने भी मामले में दस्तावेज व पंजीकरण आदि की जांच शुरू कर दी है।