अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के स्कूलों के 145 साल के इतिहास में पहली बार स्कूल के विद्यार्थी अपनी बोर्ड परीक्षाएं ऑनलाइन माध्यम से देंगे। स्कूलों में कक्षा 10 और कक्षा 12 की शेष बची हुई परीक्षाएं 5 से 20 जुलाई के बीच ऑनलाइन पद्धति से कराई जाएंगी।
एएमयू स्कूल एजूकेशन के निदेशक प्रो. असफर अली खान ने बताया कि बची हुई कक्षा 10 और 12 की परीक्षाएं ऑनलाइन माध्यम से कराने से 15 दिन पहले विस्तृत जानकारी दे दी जाएगी। उन्होंने कहा कि वह छात्र-छात्राओं से आग्रह करते हैं कि वह अपने आवास पर ऑनलाइन परीक्षा से जुड़ी हुई सभी आवश्यक सुविधाओं की अच्छी तरह व्यवस्था कर लें।
जिससे कि उन्हें परीक्षा देने में आसानी हो। इसके साथ ही एएमयू के स्कूल और स्कूलों के छात्रावास 1 अगस्त से पहले नहीं खुलेंगे। स्कूल के शिक्षकों के लिए भी गर्मी की छुट्टियां 15 से 30 जून तक रहेंगी। इन स्कूलों के शिक्षकों की जिम्मेदारियां भी विश्वविद्यालय के शिक्षकों की जिम्मेदारियों की तरह ही रहेंगी। एएमयू स्कूलों के कक्षा 10 और 12 की परीक्षाओं के एक या 2 पेपर ही शेष बचे हैं।
अन्य परीक्षाएं संपन्न हो चुकी हैं। इन अटकी हुई परीक्षाओं के चलते परीक्षा परिणाम भी अटक गया है । कोविड-19 के चलते मार्च महीने में हुए लॉक डाउन के कारण सभी प्रकार की शैक्षणिक गतिविधियां ठप होकर रह गई थी।