जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीएम सेल्वा कुमारी जे. ने कहा है कि आरओ, एआरओ चुनाव आयोग की गाइड लाइन के अनुसार निष्पक्ष, त्रुटिविहीन एवं पारदर्शी मतगणना संपन्न कराएं। डीएम सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मास्टर ट्रेनर के आरओ, एआरओ एवं सहायक एआरओ को मतगणना प्रशिक्षण कार्यक्रम में बोल रही थीं।
उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव अब अपने अंतिम एवं निर्णायक दौर में आ गया है। मतगणना किसी भी चुनाव का सबसे महत्वपूर्ण पक्ष होता है। उन्होंने सभी आरओ एवं एआरओ को चुनाव आयोग की गाइड लाइन व मास्टर ट्रेनर्स के प्रशिक्षण के अनुसार त्रुटिविहीन, निष्पक्ष एवं पारदर्शी मतगणना कराने के लिए निर्देश दिए।
उन्होंने साफ किया कि मतगणना के दौरान अनुशासित रहते हुए किसी चूक या त्रुटि को मौके पर ही तत्काल सुधार करते हुए सटीक मतगणना कराएं। मास्टर ट्रेनर्स ने ईवीएम-वीवीपैट एवं पोस्टल बैलेट से होने वाली मतगणना के लिए पॉवर प्वाइंट प्रजेंटेशन के माध्यम से अभिकर्ताओं की नियुक्ति एवं पहचान को लेकर प्रशिक्षित किया गया। उप जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार पटेल ने बताया कि अभिकर्ता को आरओ से निर्गत पास के साथ ही स्वयं का फोटोयुक्त पहचान पत्र रखना अनिवार्य होगा। उन्होंने बताया कि प्रत्येक विधानसभा में ईवीएम गणना के लिए 14-14 टेबल एवं एक आरओ टेबल रहेगी। जिसके लिए प्रत्येक प्रत्याशी के लिए हरेक टेबल पर एक-एक अभिकर्ता अनुमन्य किया गया है। उन्होंने बताया कि सबसे पहले डाक मतपत्र की गणना होगी, इसके बाद ईवीएम की गणना शुरू होगी। एक राउंड पूरा होने पर ही दूसरे राउंड की मतगणना होगी। आरओ चक्रवार मतगणना का परिणाम ब्लैक बोर्ड पर प्रदर्शित कराएंगे।