दिनदहाड़े सब्जी मंडी में फायरिंग
अमर उजाला ब्यूरो
खैर। सब्जी मंडी में बाइक टकराने के विवाद ने इतना तूल पकड़ा कि एक पक्ष ने फायरिंग कर दी। जिससे बाजार में हड़कंप मच गया, दहशत के चलते लोग इधर उधर भागने लगे। एक गोली 12 वर्षीय बालक के पैर में लगी है। जिसे पुलिस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई, उसे गंभीर हालत में अलीगढ़ रेफर किया गया है।
सब्जी मंडी में आर्यसमाज मंदिर की गली के कोने पर रोशनलाल की मिठाई की दुकान है। सोमवार की सुबह उसकी बाइक वहां से गुजर रहे एक युवक की बाइक से टकरा गई। इस बात को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। थोड़ी ही देर में युवक अपने कई साथियों को ले आया और गालीगलौज शुरू कर दी। दुकानदार के विरोध पर उसने असलाह निकाल लिए तथा फायरिंग शुरू कर दी। दुकानदार अपना बचाव कर गली में स्थित आरामशीन की तरफ भागा तभी एक युवक ने उस पर फायर कर दिया। गोली उसकी बजाय वहां खडे़ 12 वर्षीय किशोर कासिफ पुत्र यूसुफ कुरैशी के पैर में लग गई। गोली लगते ही युवक अपने साथियों सहित भाग गया। यकायक हुई फायरिंग से बाजार में भगदड़ मच गई। सूचना पर इंस्पेक्टर, चौकी इंचार्ज आदि मौके पर पहुंच गये तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। घायल कासिफ के ताऊ अकील पुत्र रसीद खां ने इनाम, फराहीम, अफजाल, जुबेर, वजीर, मुजम्मिल के अलावा छह अज्ञात के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कराई है। बकौल सीओ ओपी सिंह आरोपियों की पकड़ने के लिये दबिश दी जा रही कड़ी कार्रवाई की जाएगी।