अलीगढ़ में थाना रोरावर क्षेत्र के नीवरीं में फर्नीचर के एक गोदाम में आतिशबाजी की चिंगारी से भीषण आग लग गई। जिससे गोदाम में रखा कई लाख का कीमती फर्नीचर जलकर राख हो गया। गोदाम स्वामी ने पड़ोसियों पर अपनी छत पर लापरवाही से आतिशबाजी चलाने का आरोप लगाया है। इतना ही नहीं दमकल पर सूचना के बाद भी एक घंटे की देरी से आने का आरोप लगा है।
थाना गोंडा क्षेत्र के गांव कुंजी नगला निवासी वहीद खां पिछले 25 वर्ष से परिवार के साथ नींवरी में रहते हैं। वहीद खां की फर्नीचर की दुकान के पीछे ही गोदाम भी बना हुआ है। वहीद खां के अनुसार 16 मई शाम करीब सात बजे पड़ोसी अपने बेटे के जन्मदिन की पार्टी में अपनी छत पर लापरवाही से आतिशबाजी चला रहे थे। इसी बीच पटाखों से उठी चिंगारी फर्नीचर के गोदाम में पहुंच गई। इससे गोदाम में आग लग गई और आग की तेज लपटें उठने लगीं । इसकी जानकारी होने पर तमाम लोग मौके पर आ गए और लगी आग को बुझाने के प्रयास में जुट गए। इलाका पुलिस भी आ गई। आग भीषण थी और बेकाबू होने लगी, जिस पर दमकल को बुलाया गया।
आरोप है कि करीब घंटे भर दो दमकल मौके पर पहुंची तब तक आग फर्नीचर के अधिकांश सामान को राख कर चुकी थी। फर्नीचर स्वामी के अनुसार आग में फर्नीचर जल गया है। बन्नादेवी फायर स्टेशन के अग्निशमन अधिकारी संजीव कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही मौके पर तत्काल दमकल भेजी गई। दमकल कर्मियों ने अथक प्रयास कर लगी आग पर काबू पा लिया। आग लगने का कारण आतिशबाजी से उठी चिंगारी को बताया जा रहा है।
नाले से पानी लेकर आग बुझाने का प्रयास
भीषण आग को बुझाने के प्रयास में लोग पास से गुजर रहे नाले में कूद पड़े और बाल्टियों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास करने लगे, लेकिन सफलता नहीं मिली। जिस समय आग लगी तभी इलाके में बिजली गुल हो गई। बिजली घर पर मौजूद कर्मियों ने भी साफ कह दिया कि ऊपर से बिजली नहीं है।