उत्तर प्रदेश के हाथरस में विकास भवन के द्वितीय तल पर स्थित डीपीआरओ कार्यालय के एक कक्ष में बुधवार की देर रात भीषण आग लग गई। आग लगने से कार्यालय कक्ष में रखे कंप्यूटर, सरकारी अभिलेख जलकर राख हो गए। घटना के संबंध में डीपीआरओ बनवारी सिंह ने कोतवाली मुरसान में तहरीर दी है।
बुधवार की देर रात डीपीआरओ कार्यालय के कक्ष में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। आग लगने के कारण कार्यालय कक्ष में रखे सरकारी अभिलेख जलकर राख हो गए। वहीं, कक्ष में रखा कंप्यूटर और अन्य सामान भी आग में जल गया।
गुरुवार की सुबह कार्यालय खुला तो कक्ष से धुआं निकलता दिखाई दिया। धुएं को देखकर कर्मचारियों ने कक्ष का ताला खोला। ताला खोलकर पानी डालकर सुलग रही आग पर काबू पाया, लेकिन तक तक अभिलेख जलकर राख हो चुके थे।
आग लगने की सूचना डीपीआरओ बनवारी सिंह को दी गई। डीपीआरओ ने मौके पर पहुंचकर आग लगने के बारे में जानकारी ली। सरकारी अभिलेखों के जलने के कारण तमाम तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। डीपीआरओ बनवारी सिंह ने बताया कि कक्ष में आग लगने के बारे में थाना कोतवाली मुरसान में तहरीर दे दी गई है।