भाजपा में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके और पार्टी ओहदेदारों के करीबी कहे जाने वाले भाजपा नेता संदीप गुप्ता व शल्यराज सिंह पर जमीन की धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज हुआ है। यह मुकदमा आईजी से हुई शिकायत की जांच के आधार पर क्वार्सी थाने में दर्ज किया गया है। खुद आईजी व क्वार्सी पुलिस ने मुकदमा दर्ज किए जाने की पुष्टि की है।
क्वार्सी पुलिस के अनुसार, यह मुकदमा शहर के प्रमुख कारोबारी जगदीश प्रसाद कसेरे की पुत्रवधु गुंजन वार्ष्णेय निवासी ग्रीन पार्क की तहरीर पर दर्ज किया गया है। मुकदमे के अनुसार गुंजन के पति मानसिक कमजोर हैं। इसी का लाभ उठाकर आरोपियों ने सिंधौली स्थित करीब 8 करोड़ रुपये कीमत की जमीन का पति से मात्र एक करोड़ 10 लाख रुपये में वर्ष 2015 में इकरारनामा करा लिया। इसका जब विरोध शुरू किया तो सियासी रसूख के दम पर डरा धमकाकर यह तय किया कि इकरानामा में दी गई रकम वापस की जाए, तभी समझौता होगा।
इसके बाद अदालती प्रक्रिया के तहत समझौता कर रकम दी गई, जिसके साक्ष्य भी मौजूद हैं। इसके बाद सितंबर 2020 में न्यायालय में दावा दाखिल कर दिया है, जिसमें महिला के पति को आरोपी बनाया गया है। फिर से जमीन या रकम हड़पने की नीयत से यह सब किया जा रहा है। महिला के पति को भी ये लोग अपने कब्जे में रखे हैं। धमकियां दी जा रही हैं। इस वजह से परिवार दहशत में है। क्वार्सी थाने में बुधवार को संदीप गुप्ता निवासी विष्णुपुरी व शल्यराज सिंह निवासी धनीपुर मंडी व उनके अज्ञात साथियों के खिलाफ धोखाधड़ी, डराने, धमकाने व जबरन रकम वसूलने संबंधी धाराओं में यह मुकदमा दर्ज किया गया है।
- गुंजन वार्ष्णेय व उनके ससुर की ओर से फरवरी में लिखित शिकायत साक्ष्यों के आधार पर दी गई थी, जिसमें हमने पहले जांच कराई और जांच में जो तथ्य सामने आए, उसके आधार पर यह मुकदमा दर्ज कराने के आदेश दिए गए हैं। अब विवेचना में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।-पीयूष मोर्डिया, आईजी रेंज