महानगर के सासनी गेट थाना क्षेत्र के पला साहिबाबाद में बृहस्पतिवार की सुबह एक फाइनेंस कर्मी की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। शव घर में बैड पर पड़ा मिला। घर में सिर्फ उसकी सात साल की बेटी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। तीन डॉक्टरों ने वीडियो कैमरा की निगरानी में पोस्टमार्टम किया। प्रथम दृष्टय मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
मौत का कारण पता लगाने के लिए डॉक्टरों की टीम रिपोर्ट की गहन स्टडी के बाद आज उसे जारी करेगी। परिवार वाले इसे हत्या मान रहे हैं। वहीं, पुलिस सुसाइड मान रही है। फिलहाल दोनों पहलुओं पर जांच जारी है। फारेंसिक टीम ने भी घर के वीडियो-फोटो लिए हैं। साथ ही अस्त-व्यस्त मिले सामान से फिंगर प्रिंट भी लिए गए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट जारी होने के बाद मामला दर्ज होगा।
जिला पंचायत से सेवानिवृत राधेश्याम सक्सेना निवासी कृष्णा विहार, पला साहिबाबाद, सासनी गेट का 36 वर्षीय बेटा विकास सक्सेना रामघाट रोड स्थित एक निजी फाइनेंस कंपनी में काम करता था। विकास की पत्नी पल्लवी सक्सेना सरकारी शिक्षिका के पद पर बदायूं जिले के इस्लामनगर में तैनात हैं। बुधवार रात विकास और उनकी सात साल की बेटी ईवा खाना खाकर सोए थे। मगर, बृहस्पतिवार की सुबह वह समय से नहीं उठे। पड़ोस के एक व्यक्ति ने घर का दरवाजा खटखटाया लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। काफी देर बाद बेटी ईवा रोते हुए गेट पर आई और पिता के न उठने की जानकारी दी। इस पर पड़ोसी ने पुलिस बुला ली। पुलिस ने आकर बेटी से दरवाजा खुलवाया। अंदर जाकर देखा तो विकास के मुंह से हल्के से झाग और नाक से हल्का का खून निकल रहा था। गर्दन पर खरोंज का भी निशान था।
साथ ही सीधे पैर में एक कट का निशान लगा मिला। हालांकि वह जख्म पुराना है। घर में कुछ सामान भी बिखरा पड़ा था। इस पर पुलिस ने उनको जिला अस्पताल भेजा। वहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। इस पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। तीन डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की। इधर, सूचना पर विकास की पत्नी और पिता सहित भाई आ गए। उन्होंने मामला देख विकास की मौत को हत्या बताया। इधर, पुलिस मामले को सुसाइड मान रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में प्रथम दृष्टय मामला साफ नहीं हुआ। इस पर डॉक्टरों की टीम फॉरेंसिंक टीम से बात कर पोस्टमार्टम रिपोर्ट आज जारी करेगी। फिलहाल परिवार वालों ने कोई तहरीर भी नहीं दी है।
घर का सामान अस्त व्यस्त, बेटी कुछ भी बताने में असमर्थ
विकास की मौत के पीछे का कारण जानने में पुलिस उलझ गई है। घटना के समय सिर्फ घर में सात साल की बेटी ईवा थी। परिवार वाले सिर्फ इतना बता पा रहे हैं कि रात नौ बजे करीब बाप-बेटी ने खाना खाया था। वहीं, विकास के कमरे में एक शराब की बोतल भी मिली है। पुलिस शराब की बोतल से अंदाजा लगा रही है कि विकास ने नशेबाजी में शायद कुछ ऐसा खा लिया, जो कि उसके लिए जहर साबित हुआ।
मगर, इस एंगल को विकास के कमरे में अस्त व्यस्त मिले कपड़े और सामान के चलते सटीक नहीं माना जा रहा है। वहीं, विकास की गर्दन पर लगे खरोंच के निशान भी हैं। इससे आत्महत्या या धोखे में कुछ भी खाने की बात सिद्ध नहीं हो पा रही है। इधर, घर का दरवाजा अंदर से बंद था। इस पर पुलिस इस बात में चकरा रही है कि अगर कोई हत्या करके घर से भागेगा तो दरवाजा अंदर से कैसे बंद हो सकता है। वहीं, किसी चोर ने भी घर के अंदर घुसकर चोरी की कोशिश की होगी तो वह सामान चोरी करके क्यों नहीं ले गया।
वहीं, अस्त व्यस्त मिले कपड़ों और बिखरे हुए सामान सहित गर्दन पर खरोंच के निशान देख परिवार वाले इस साफ तौर पर हत्या बता रहे हैं। बेटी ईवा इस मामले में कुछ भी बता नहीं पा रही है। वह सिर्फ पुलिस को इतना बता रही है कि पिता जब सोकर नहीं उठ रहे थे तो उसने उनको जगाने का प्रयास किया। मुंह पर पानी के छींटे भी मारे। पुलिस अब इस मामले की छानबीन के लिए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।
पत्नी इस्लामनगर में, पिता थे सादाबाद
विकास के पिता राधेश्याम सक्सेना ने बताया कि विकास की लव मैरिज हुई थी। उसकी दो बेटी ईशी (3) और कनी (2) बहू पल्लवी के साथ बदायूं के इस्लाम नगर में ही रहती हैं। वहीं उसकी बेसिक स्कूल में बतौर शिक्षक तैनाती है। घर में वह स्वयं, विकास व उसकी बेटी ईशी रहती है। पिछले दिनों वह छोटे बेटे के पास सादाबाद आ गए। इसके चलते विकास ईवा को हर रोज ड्यूटी पर जाते समय पड़ोसी के घर में छोड़ जाता था। बृहस्पतिवार को सुबह 10 बजे तक जब वह बेटी को छोड़ने पड़ोसी के घर नहीं गया। तब पड़ोसी घर पर आए और उन्होंने दरवाजा खटखटाया। इसके बाद पूरा मामला खुला।
परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल
विकास की मौत की जानकारी होते ही उनके पिता और पत्नी सहित अन्य परिवार वाले आ गए। विकास की मौत से सभी हैरत में हैं। पत्नी पल्लवी व बेटी ईवा का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता भी जवान बेटे की मौत से बदहवाश हैं।
-विकास की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट न आने तक इस विषय में कुछ भी कह पाना मुश्किल है। परिवार वाले हत्या की आशंका जता रहे हैं। पुलिस भी अपने एंगल पर काम कर रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई होगी।
- कुलदीप सिंह, एसपी सिटी