थाना टप्पल क्षेत्र के ग्राम पीपली (घरवरा) में फाइनेंस टीम पर हमला के मामले में पीड़ित एरिया कलेक्शन मैनेजर ने छह नामजद व 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस टीम आरोपियों की गिरफ्तारी में लग गई है। आरोप है कि हमलावरों ने फाइनेंस कर्मी विकास के सिर पर वार कर उसे लहूलुहान कर दिया और पीट-पीटकर उसके दोनों हाथ तोड़ डाले।
एचडीबी फाइनेंसियल सर्विसेज लिमिटेड के एरिया कलेक्शन मैनेजर नरेश कुमार ने तहरीर में बताया कि टप्पल क्षेत्र के ग्राम पीपली निवासी गौरव शर्मा ने टाटा एलपीटी वाहन के लिए कंपनी से लोन लिया था। लंबे समय से किस्तें जमा न करने पर कंपनी ने आर्बिट्रेशन वाद दायर कर धारा 17 के तहत वाहन कब्जे में लेने का आदेश प्राप्त किया था। इस आदेश को एसएसपी अलीगढ़ से मार्क कराने के बाद बुधवार शाम करीब 05:30 बजे कंपनी की टीम पुलिस सहायता के साथ मौके पर पहुंची थी।
आरोप है कि जब पुलिस की मौजूदगी में कानूनी प्रक्रिया पूरी कर टीम वाहन को यार्ड ले जाने लगी, तभी पहले से घात लगाए बैठे महीपाल, कन्हैया पुत्रगण हुक्मी, अरविंद, मोहित पुत्रगण महीपाल, किशन उर्फ कालिया पुत्र जग्गी निवासीगण पीपली और मिथुन पुत्र अजात निवासी फाजिलपुर ने अपने 10-12 अन्य साथियों के साथ मिलकर हमला बोल दिया।
पुलिस ने घायल कर्मचारी को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। टप्पल थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले में टीम गठित कर दी गई है। जल्द ही आरोपी गिरफ्त में होंगे।