मडराक थाने की आसना चौकी में शुक्रवार को एक लैपर्ड कर्मी के साथ दरोगा व दो सिपाहियों ने मारपीट करते हुए उसकी वर्दी फाड़ दी। मारपीट के पीछे लैपर्डकर्मी की राशन बंटवाने में ड्यूटी लगाने को लेकर विवाद सामने आया है। प्रथमदृष्टया अभद्रता के आरोप में सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया है। वहीं, सिपाही ने एसएसपी से शिकायत कर इंसाफ की गुहार लगाई है। एसएसपी ने मामले में जांच बैठाते हुए रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई का आदेश दिया है।
आसना पुलिस चौकी पर तैनात सिपाही सत्येंद्र कुमार ने बताया कि शुक्रवार को उसकी ड्यूटी बैंकों के निरीक्षण में लगाई गई थी। निरीक्षण करने के दौरान उसकी तबीयत खराब हो गई। इस पर चौकी पर दवा खाने पहुंच गया। यहां दरोगा ने उसे गांव में राशन बंटवाने के लिए जाने को कहा। सत्येंद्र कुमार के मुताबिक उसने बैंक निरीक्षण में ड्यूटी होने की बात कही तो दरोगा का पारा चढ़ गया। इसी विवाद में दोनों ओर से हाथापाई और गुत्थमगुत्था शुरू हो गई। आरोप है कि दरोगा के साथ दो सिपाही भी आ गए। इस दौरान वर्दी तक फट गई। काफी देर तक हुए विवाद के बाद कुछ अन्य पुलिसकर्मी चौकी पर पहुंचे। उन्होंने छुड़वाया। पीड़ित सिपाही का आरोप है कि दरोगा जातिवाद को लेकर भी भेदभाव मानता है। काफी समय से उत्पीड़न कर रहा है।
इस संबंध में एसएसपी मुनिराज जी से शिकायत की है। एसएसपी के मुताबिक मामले की जांच कराई जा रही है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं फिलहाल आदेश न मानने को लेकर सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया गया है।