केला नगर चौराहे पर दो पक्षो में हुई मारपीट के बाद घटना स्थल पर तैनात पुलिस।
- फोटो : CITY OFFICE
क्वार्सी क्षेत्र में केला नगर चौराहे के पास रविवार रात भाजपा नेता के घर के सामने शराब पीने के विवाद में दोनों पक्षों में मारपीट हो गई और हवाई फायरिंग तक कर दी। हालांकि घटना के बाद हमलावर फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों से चार लोग हिरासत में लिए हैं। दोनों पक्षों के अपने-अपने आरोप हैं। इधर, पुलिस सीसीटीवी में कैद घटना के आधार पर कार्रवाई कर रही है।
केला नगर चौराहे के पास भाजपा नेता मनीष दीक्षित का घर है। घर के बाहर उनकी बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान है। मनीष के भाई अमित के अनुसार घर के सामने खोखे पर कुछ युवक देर रात शराब पी रहे थे। उनमें झगड़ा हो रहा था। इस पर अमित ने बाहर जाकर देखा और वहां शराब पीने का विरोध करते हुए बीचबचाव कराना चाहा तो उन युवकों ने मारपीट कर दी। वे युवक गैर समुदाय के बताए गए हैं। इसी बीच शोरशराबे पर खुद मनीष व परिवार के अन्य लोग आए और दुकानदार से वहां शराब पिलाने का विरोध किया तो हमलावरों ने उन्हें भी पीट दिया। बाद में वे हवाई फायरिंग करते हुए भाग गए। इधर, दुकानदार समीर व गुड्डू पक्ष का कहना है कि उसका इस झगड़े से कोई लेना देना नहीं है। उन्हें उल्टा पीटा गया है और दुकान का गल्ला लूट लिया है। सूचना मिलते ही इलाका पुलिस मौके पर पहुंच गई ।
पुलिस ने घटना स्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले, जिसमें आरोपी कैद हो गए हैं। इधर, खबर पर दुकानदार के पक्ष में सपा नेता अज्जू इशाहक, कांग्रेस नेत बाबी वसीह आदि पहुंच गए, जबकि मनीष के पक्ष में भाजपा जिला महामंत्री शिवनारायण शर्मा पहुंच गए। पुलिस ने दोनों पक्षों से चार लोगों को हिरासत में लिया है। इंस्पेक्टर के अनुसार मामले में अभी अमित पक्ष से तहरीर मिली है। बाकी जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।