फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

फर्जी वोटिंग के आरोप में पुलिस पर पथराव, लाठीचार्ज

विज्ञापन
विज्ञापन
अकराबाद ब्लॉक के गांव आलमपुर में फर्जी मतदान के आरोप में मतदान केंद्र पर सुबह करीब सवा 11 बजे से हंगामा शुरू हो गया। ढाई घंटे से अधिक समय तक मतदान बाधित रहा। इस दौरान ग्रामीणों ने मतपेटी लूटकर भागने की कोशिश की लेकिन पुलिस कर्मियों ने पीछा कर मतपेटिका छीन ली। नए सिरे से मतदान कराने की मांग कर रहे ग्रामीणों ने इसी बीच पुलिस पर पथराव किया। पुलिस ने भी लाठीचार्ज कर उपद्रवियों को खदेड़ा।
विज्ञापन

सेक्टर मजिस्ट्रेट, सीओ समेत पुलिस के सभी वाहनों के शीशे तोड़ दिए गए। सीओ के चालक अशोक कुमार समेत कुछ सिपाहियों के पत्थर लगने से चोटें आई हैं। एसएसपी कलानिधि नैथानी भी गांव पहुंचे। मामले में 20 लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। करीब डेढ़ सौ अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज हुई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की लगातार दबिश जारी थी। अधिकारियों के लगातार समझाने के बाद दोपहर करीब डेढ़ बजे दोबारा से मतदान शुरू हुआ। शाम 6 बजे तक मतदान हुआ।
आलमपुर में 750 मतदाता हैं। प्रधान पद के नौ और बीडीसी के चार प्रत्याशियों के लिए सुबह से मतदान शुरू हो गया था। करीब डेढ़ सौ से अधिक वोट पड़ चुके थे। इसी बीच फर्जी मतदान के आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए। आरोप लगा कि प्रधान पद के प्रत्याशी सोम प्रकाश के समर्थक देवेंद्र, रिंकू और अजीत बूथ के अंदर चले गए। उन्होंने फर्जी वोट डलवाए हैं। इसी पर ग्रामीणों की पुलिस से नोकझोंक शुरू हो गई।
विज्ञापन

वह मांग करने लगे कि अब तक पड़े वोट निरस्त कर नए सिरे से मतदान कराया जाए। सूचना पर एसडीएम रंजीत सिंह मौके पर पहुंच गए। समझाया कि जितने वोट पड़ चुके हैं, उस मतपेटिका को सील कराकर दूसरी मतपेटिका में मतदान कराया जाएगा लेकिन ग्रामीण पहले पड़ चुके मतों को निरस्त कर नए सिरे से मतदान पर अड़ गए।
इसके बाद हंगामा बढ़ता चला गया। बीच में कुछ लोग दीवार फांदकर बूथ के अंदर घुसे और दो मतपेटिका लेकर खेतों की ओर भागे। पीछा कर पुलिस ने एक मतपेटिका छीन ली। दूसरी आधे घंटे बाद एक खेत में पड़ी मिली। इसके बाद ग्रामीणों ने पथराव शुरू कर दिया। प्रशासन व पुलिस की गाड़ियोें के पथराव में शीशे टूट गए। कुछ मीडिया कर्मियों के भी चोटें आईं। पुलिस ने उपद्रव कर रहे ग्रामीणों को लाठीचार्ज कर खदेड़ा।
दोपहर करीब डेढ़ बजे एसडीएम ने दोबारा माइक से एनाउंस किया कि जिसे वोट डालना है, वह वोट डाल सकता है। किसी को भी वोट डालने से रोका नहीं जाएगा। इसके बाद ग्रामीणों ने मतदान शुरू किया।
- अकराबाद के आलमपुर में फर्जी मतदान के आरोपों के चलते विवाद हुआ था। इसमें पुलिस की गाड़ियों पर ग्रामीणों ने हमला किया। मतपेटिकाओं को छीनने की कोशिश हुई। मौके से 20 लोग हिरासत में लिए हैं। सभी पर मुकदमा दर्ज किया गया है। - कलानिधि नैथानी, एसएसपी
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें