ठेकदार और मजदूर में मारपीट हो गई। दोनों को थाने बैठा लिया गया। ठेकेदार ने हाथरस सांसद को फोन किया। सांसद के फोन के बाद ठेकेदार को छोड़ दिया गया। मजदूर पर शांतिभंग में कार्रवाई कर दी गई।
19 दिसंबर सुबह रोरावर थाना क्षेत्र की एक मीट फैक्टरी में ठेकेदार और मजदूर में झगड़ा हो गया। दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। ठेकेदार ने मजदूर पर नकदी छीनने का आरोप लगाया है। मामला रोरावर थाने पहुंचा तो पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने में बैठा लिया।
विज्ञापन
इसी बीच ठेकेदार ने हाथरस के भाजपा सांसद अनूप प्रधान को फोन कर दरोगा की शिकायत कर दी। इस पर सांसद ने दरोगा से बात की। इसके बाद दरोगा ने ठेकेदार को छोड़ दिया। दोनों पक्षों ने रोरावर थाने में तहरीर दी है, इस पर पुलिस जांच कर रही है। देर शाम मजदूर के खिलाफ शांतिभंग में कार्रवाई की है।
थाना जवां के गांव छोटी जंवा निवासी गोपाल पुत्र दलवीर सिंह ने कहा कि वह हाथरस सांसद अनूप प्रधान के मौसेरे भाई हैं। रोरावर थाना क्षेत्र की एक मीट फैक्टरी में ठेकेदार हैं। फैक्टरी में काम करने वाला मजदूर रोरावर थाना क्षेत्र के गांव अमरपुर कोडला निवासी विपिन पुत्र श्यौदान ने बताया कि उनकी ठेकेदार से कहासुनी हो गई थी। दोनों में झगड़ा हो गया। मारपीट हो गई। इधर, गोपाल ने मजदूर पर नकदी छीनने का आरोप लगाया। तनातनी होने पर दोनों पक्षों को पुलिस ने थाने में बैठा दिया। इस बीच गोपाल ने सांसद को फोन कर दिया। पुलिस ने सांसद से बात कर उनको छोड़ दिया।
रोरावर थाना क्षेत्र में हुए घटनाक्रम की पूरी जानकारी नहीं है। मेरा कोई मौसेरा भाई नहीं है।-अनूप प्रधान, सांसद, हाथरस