इस पर शाहिद ने ऐतराज जताया तो आरोप है कि सोनू ने उनके साथ मारपीट कर दी। इसके बाद हंगामा शुरू हो गया। आरोप है कि लोग बीच बचाव को आए तो शाहिद ने भी जवाब में सोनू पर जूते से हमला कर दिया। बाद में पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने सोनू को बाहरी बताकर धकियाते हुए कार्यालय से भगा दिया। बताया जाता है कि इसके बाद शाहिद अपनी शिकायत करने अंदर राष्ट्रीय सचिव के समक्ष आए तो उन्होंने उनके बराबर में खड़े आलोक गौड़ को भी यह कहते हुए जूता दे मारा कि यह मारपीट साजिशन आलोक ने कराई है। यह देख विवाद बढ़ता देख खुद तौकीर आलम व विवेक बंसल सख्त हुए। सभी को डांटा व अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी। तब जाकर विवाद शांत हुआ।
मैं तीस वर्ष से पार्टी से जुड़ा हुआ हूं। संगठन समीक्षा में शामिल होने आया था, तभी आलोक गौड़ के साथ आए युवक ने मुझसे धार्मिक अपशब्द गए और विरोध पर मारपीट कर दी। बाद में उसे धकियाकर बाहर कर दिया गया।-शाहिद गुड्डू, जिला उपाध्यक्ष कांग्रेस
सोनू वाल्मीकि मेरे सेवादल जिला संगठन रहते हमारे कार्यालय का सचिव रहा है। वह बाहरी नहीं है। मुख्य कक्ष के बाहर उनमें आपस में किसी बात पर विवाद हुआ। दोनों ओर से मारपीट हुई है। इसके बाद जिला उपाध्यक्ष ने मुझ पर भी हमला कर दिया। इस मामले में सोनू वाल्मीकि की ओर से गांधीपार्क थाने को तहरीर दी जा रही है। सोनू कांग्रेस कार्यकर्ता है। बाहरी नहीं है।- आलोक गौड़, वरिष्ठ कांग्रेस नेता, कोआर्डिनेटर नोएडा जिला कांग्रेस
एक बाहरी युवक कार्यालय में घुस आया था। उसने साजिशन विवाद किया। हो सकता है कि वह किसी विपक्षी दल से आया हो। इस मामले में जिलाध्यक्ष स्तर से जांच कराई जा रही है। जो भी उचित होगा, उसके अनुसार कार्रवाई तय की जाएगी। मगर अनुशासनहीनता कतई नहीं होने दी जाएगी।- तौकीर आलम, राष्ट्रीय सचिव कांग्रेस
संगठन ने बाहरी व भाजपाई बताकर झाड़ा पल्ला
इस विषय में जिलाध्यक्ष ठाकुर सोमवीर सिंह का कहना है कि मारपीट करने वाला युवक बाहरी है। वह हमारी पार्टी का कार्यकर्ता नहीं है। उसने बेवजह कार्यालय में घुसकर विवाद खड़ा करने का प्रयास किया है। आगे से इस तरह की बैठकों में बाहरियों के प्रवेश को प्रतिबंधित करने की प्रक्रिया होगी। जरूरत हुई तो पुलिस की मदद ली जाएगी। बाकी जिला उपाध्यक्ष को समझाकर शांत किया गया है। वहीं महानगर अध्यक्ष नवेद खां ने मारपीट की शुरुआत करने वाले सोनू को भाजपाई बताया है। कहा है कि वह साजिश के तहत विवाद खड़ा करने आया था। तभी उसने जिला उपाध्यक्ष को धार्मिक शब्द कहकर विवाद करते हुए मारपीट की।
सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रिया दे रहे लोग
इस जूतम पैजार का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इस पर लोग तरह तरह की प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कांग्रेस की गुटबाजी से लेकर बाहरी बताकर पल्ला झाड़ने पर भी तरह तरह की टिप्पणी कर रहे हैं।