- सिपाही पर लगा मारपीट कर क्वार्सी थाने में बंद कराने सहित भाजपाइयों से मारपीट करने का आरोप
- दो घंटे तक चला हंगामा, सिपाही के खिलाफ जांच के आदेश
महानगर के क्वार्सी चौराहा पर रविवार को भाजयुमो महानगर मंत्री अजय कुमार गुप्ता के भाई जयप्रकाश गुप्ता और एक ट्रैफिक सिपाही के बीच मोटर साइकिल की आरसी को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि बचाव में पहुंचे अजय को भाई जयप्रकाश के साथ क्वार्सी थाने में बंद कराकर मारपीट की। भाजयुमो महानगर अध्यक्ष निखिल माहेश्वरी के साथ भी फोन पर अभद्रता की। इससे आक्रोशित दो दर्जन भाजपाइयों ने चौराहा पर दो घंटे तक हंगामा काटा। एसएसपी द्वारा सिपाही के खिलाफ जांच कराने और कार्रवाई का आश्वासन मिलने पर कार्यकर्ता शांत हुए। अजय ने क्वार्सी थाने में सिपाही के खिलाफ तहरीर दी है।
वाकया दोपहर करीब 3:30 बजे का है। जयप्रकाश गुप्ता निवासी गांधी नगर वरुण ट्रॉमा सेंटर में भर्ती अपने पिता के लिए घर से खाना लेकर आ रहे थे। क्वार्सी चौराहा पर तैनात ट्रैफिक पुलिस के सिपाही ने उन्हें रोककर मोटर साइकिल की आरसी सहित अन्य कागज मांगे। जयप्रकाश ने कागज न होने की कहते हुए बीमार पिता के लिए खाना ले जाने की बात बताई। आरोप है कि इस पर सिपाही ने अभद्रता कर दी। मौके पर भाई अजय कुमार गुप्ता को बुला लिया। भाई ने खुद को भाजयुमो महानगर मंत्री बताया तो सिपाही भड़क गया। उसने दोनों को क्वार्सी थाने में बंद करा दिया। वहां मारपीट भी की। इस घटना की जानकारी भाजयुमो जिलाध्यक्ष महानगर अध्यक्ष निखिल माहेश्वरी को फोन पर दी। उन्होंने सिपाही से फोन पर बात की तो उनसे भी फोन पर अभद्रता कर दी। इससे वह क्वार्सी चौराहा पर समर्थकों सहित पहुंच गए। उनके आने पर पुलिस ने छोड़ा। अजय कुमार गुप्ता के अनुसार सिपाही के खिलाफ क्वार्सी थाना पुलिस को तहरीर दी है। इस प्रकरण की एसएसपी से भी शिकायत कर दी। एसएसपी ने चौराहा पर लगे सीसीटीवी फुटेज निकलवाकर मामले की जांच करा आरोपी पर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
कार्यकर्ताओं ने रोड पर लगाया जाम
भाजयुमो महानगर अध्यक्ष के साथ अभद्रता की सूचना मिलने पर दो दर्जन से अधिक भाजपा कार्यकर्ता क्वार्सी चौराहा पर पहुंच गए। उन्होंने वहां जमकर हंगामा काटा। चौराहा पर जाम लगा दिया। पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। इससे पुलिस के हाथ पांव फूल गए। सूचना पर कई थानों की फोर्स पहुंच गई। फोर्स ने स्थिति को कंट्रोल किया और दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया। जाम लगाने वाले भाजपाइयों में शिवम अग्रवाल, रोबिन भारती, राहुल चेतन, प्रशांत पाठक, मयंक गुप्ता, सनी वार्ष्णेय, प्रमोद सिंघल, श्याम, मोहन पचौरी, विपिन चंचल, सचिन, नितिन, उमेश, शगुन आदि शामिल रहे।