जवां के चर्चित अरुण हत्याकांड में रात पुलिस ने एक पुराने अपराधी को हिरासत में लिया है। पुलिस को इस बात के साक्ष्य मिले हैं कि घटना के वक्त वह इस हत्या में जेल गए भोलू ठाकुर के साथ मौके पर मौजूद था। हालांकि हिरासत में लिए जाने के बाद अभी उससे पूछताछ जारी है और साक्ष्यों का मिलान हो रहा है। इसलिए यह तय नहीं हो पाया है कि वह जेल जाएगा या नहीं। वहीं अंदरखाने खबर है कि उसके पैरोकारों ने भी पुलिस अधिकारियों व थाना पुलिस पर सिफारिशों का जोर लगाना शुरू कर दिया है।
पिछले माह जवां के गढ़िया भोजपुर में दबंगों ने बंजारा समाज के युवक अरुण की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस हत्या के बाद कई घंटे तक जाम व हंगामा भी रहा था। मामले में नामजद सुनील उर्फ भोलू ठाकुर, अजीत जेल चले गए हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार उनसे पूछताछ में जिले के कुछ अन्य अपराधियों के नाम सामने आए हैं। पता चला है कि गभाना क्षेत्र का यह पुराना अपराधी भी घटना के समय मौके पर थे। इसी कड़ी में रात पुलिस ने उस पुराने अपराधी को हिरासत में लिया है। पूर्व में पांच हजार का इनामी रहा यह अपराधी पुलिस से जुड़े एक मामले में बेहद सुर्खियों में रहा है। एसओ जवां के अनुसार मामले में अभी पूछताछ जारी है। वहीं अंदरखाने सिफारिशों को लेकर पुलिस बेहद परेशान बताई जा रही है।