शहर में फैला बुखार, व्यापारी नेता के पिता की मौत
- फोटो : Rupesh
शहर में फैले कई तरह के बुखार अब जानलेवा साबित हो रहे हैं। इसकी चपेट में आकर व्यापारी नेता हेमंत गर्ग के पिता की मौत हो गई। कई पुलिस अधिकारी, डाक्टर आदि भी बुखार की चपेट में हैं। मलखान सिंह जिला अस्पताल सहित अन्य अस्पतालों में मरीजों की भीड़ हो रही है।
व्यापारी नेता हेमंत गर्ग ने बताया कि उनके पिता अशोक कुमार गर्ग (63) धर्म समाज महाविद्यालय के केमिस्ट्री विभाग में लैब इंचार्ज के पद से चार वर्ष पहले रिटायर हुए थे। उनको पिछले कुछ दिनों से बुखार था जिसका उपचार चल रहा था। रविवार को उन्होंने सांस लेने में तकलीफ बताई। इसके बाद उन्हें जेएन मेडिकल कालेज ले जाया गया। वहां पर स्थिति कुछ सुधरी तो उन्हें घर पर ले आए।
सोमवार की सुबह उनकी तबियत अचानक फिर बिगड़ गई जिससे उनका निधन हो गया। परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटे हैं। इसके अलावा भाजपा के वरिष्ठ नेता मास्टर ओम प्रकाश भी पिछले कई दिनों से बुखार की चपेट में हैं। जिला महिला अस्पताल की सीएमएस डॉ. गीता प्रधान पहले से ही वायरल की चपेट में आ गई हैं।
सोमवार को जब अमर उजाला की टीम मलखान सिंह जिला अस्पताल पहुंची तो पाया कि बुखार, वायरल, मलेरिया आदि के मरीजों की भरमार हो चली है। रक्त परीक्षण के चलते ब्लड बैंक में भी मरीजों की भीड़ है। कुछ मरीजों को तो अस्पताल में भर्ती करना पड़ा है। मलखान सिंह जिला अस्पताल के वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ. यशपाल रावल कहते हैं कि इस समय ओपीडी में 50 फीसदी मरीज बुखार, वायरल, मलेरिया आदि के आ रहे हैं।