नवरात्र से एक दिन पूर्व शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शहर और देहात क्षेत्र में अभियान चलाकर खाद्य पदार्थों के नमूने भरे। साथ ही नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के सहायक आयुक्त खाद्य रामनरेश एवं अभिहित अधिकारी सर्वेश मिश्रा के संयुक्त नेतृत्व में मंडलीय टीम ने मंजूर गढ़ी स्थित फर्म जयदुस वेलनेस के यहां से घी का एक नमूना लिया। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय प्रधान के नेतृत्व में ब्राह्मण पुरी सासनी गेट स्थित देवेंद्र कुमार की चक्की और प्रवीण कुमार वार्ष्णेय की चक्की से कुट्टू के आटे के नमूने भरे गए। अचल ताल स्थित खोया मंडी से 12 नमूना जांच के लिए संग्रहित किए गए।
इसके लिए मुख्यालय से फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स भेजी गई थी। इधर, पूर्णागिरी मंदिर के सामने आईटीआई रोड स्थित दीपक की दुकान से गजक का एक नमूना एवं खैर बाईपास रोड स्थित लोकेश वार्ष्णेय की दुकान से खोया का नमूना लिया गया। तहसील गभाना स्थित बरौली चौराहे से अशोक कुमार किराना स्टोर से कुट्टू के आटे का एक नमूना एवं गौमत चौराहा से मिश्रित दूध के दो नमूने संग्रहित किए। मिश्रित दूध का का एक नमूना विजयगढ़ बाजार से संग्रहित किया।