दिवाली को लेकर मिलावटखोरों के खिलाफ सक्रिय हुई खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने रविवार को भी छापामारी अभियान चलाया। तीन टीमों ने शहर से लेकर देहात तक में कार्रवाई करते हुए सैंपल भरे। सभी सैंपलों को जांच के लिए लैब भेज दिया गया है।
जिला अभिहित अधिकारी सर्वेश मिश्रा ने बताया कि तहसील अतरौली अंतर्गत छर्रा स्थित अरविंद डेरी से घी का एक नमूना खाद्य सुरक्षा अधिकारी अजय कुमार वर्मा की टीम ने भरा। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय प्रधान की टीम ने शहर में सूतमिल चौराहा स्थित गोकुल डेयरी के निर्माण स्थल से छैने की मिठाई का एक नमूना, केवल विहार स्थित राइट स्वीट सेंटर से छेने की मिठाई का एक नमूना, जलालपुर खैर रोड स्थित पूजा स्वीट्स एंड स्नैक्स से दही का एक नमूना, केवल विहार चौराहा, मैलरोज बाईपास स्थित रामचंद्र स्वीट से बर्फी का एक नमूना संग्रहित किया।
वहीं, खाद्य सुरक्षा अधिकारी सैयद अब्दुल्लाह के नेतृत्व में तहसील अतरौली में सतावरी स्थित राजेश गुप्ता की दुकान से बर्फी का एक नमूना, रामपाल सिंह की मिठाई की दुकान से बर्फी का एक नमूना, बरौला-छर्रा मार्ग स्थित वीरेश यादव के प्रतिष्ठान से सरसों के तेल का एक नमूना, नरवाना रोड बला से मोनू कुमार की मिठाई की दुकान से मिठाई का एक नमूना, कस्बा छर्रा स्थित अजय मलिक के प्रतिष्ठान से पनीर का एक नमूना जांच के लिए लिया गया। सर्वेश मिश्रा के मुताबिक इन सभी नमूनों को जांच के लिए विभाग की लखनऊ स्थित प्रयोगशाला भेज दिया गया है। वहां से रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।