भीषण गरमी में एसी का प्रयोग विद्युत महकमे के साथ ही शहरवासियों पर भी आफत बनकर टूट रहा है। मंगलवार की रात 33 केवी लाइन में ओवरलोडिंग के चलते फाल्ट हुआ, जिससे रामघाट रोड व स्वर्ण जयंती नगर में संकट रहा। इसी तरह बुधवार को दिन में विक्रम कालोनी में भी 33 केवी लाइन में फाल्ट से कई इलाकों में आपूर्ति बाधित रही।
एससी नगर क्षेत्र एसके जैन के अनुसार वैसे विद्युत आपूर्ति व्यवस्था बिल्कुल दुरुस्त चल रही है। मगर ओवरलोडिंग के कारण होने वाले ब्रेक डाउन से आपूर्ति बाधित हो रही है। उन्होंने बताया कि रात कुछ देर की समस्या 33 केवी लाइन में फाल्ट से आई थी। इसी तरह दिन में विक्रम कालोनी में ओवरलोडिंग से फाल्ट हुआ और विक्रम कॉलोनी, लाल डिग्गी और जमालपुर की आबादी को दोपहर में बिजली संकट झेलना पड़ा। हालांकि कुछ घंटे बाद आपूर्ति दुरुस्त कर दी गई। एसके जैन के अनुसार ओवरलोडिंग की समस्या को देखते हुए अब वैकल्पिक इंतजाम किए गए हैं, ताकि गरमी-गरमी में बड़ी समस्या सामने न आए।