बेटी के जन्मदिन पर बृहस्पतिवार को गाजियाबाद से बरला स्थित गाजीपुर अपने गांव आ रहे युवक की हादसे में मौत हो गई। युवक की मौत से परिवार में मातम छा गया है।
थाना क्षेत्र के गांव गाजीपुर निवासी 28 वर्षीय अजय गोस्वामी पुत्र सिंगवीर सिंह गोस्वामी गाजियाबाद में रहकर एक निजी कंपनी में मजदूरी करते थे। बृहस्पतिवार वह अपनी तीन साल की बेटी लवी के जन्मदिन में शामिल होने गाजियाबाद से बाइक पर गांव लौट रहे थे। रास्ते में थाना साहिबाबाद के मोहन नगर क्षेत्र में सुबह करीब आठ बजे कोहरे में उनकी बाइक डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर परिजन गाजियाबाद के लिए रवाना हो गए। देर शाम को पोस्टमार्टम कराकर पुलिस ने शव को परिजनों को दे दिया। मृतक अपने पीछे पत्नी सहित दो बेटियों को रोते-बिलखते छोड़ा है। देर शाम शव गांव पहुंचा और अंतिम संस्कार किया गया।