24 घंटे के अंदर ही करवन नदी में दोबारा पानी छोड़े जाने से नाराज किसानों ने बृहस्पतिवार की दोपहर गांव ढांटौली के समीप पुल पर एकत्र होकर गोंडा मार्ग जाम कर दिया। करीब एक घंटे तक लगे जाम में वाहन फंसे रहे। सूचना पर पहुंचे कार्यवाहक थाना प्रभारी ने सिंचाई विभाग के कर्मचारियों को भी बुला लिया। समझाने और करवन नदी में पानी बंद कराने के आश्वासन पर करीब घंटे भर बाद किसान सड़क से हटे।
मंगलवार की रात भी करवन नदी में पानी छोड़े जाने से नाराज किसानों ने बुधवार को ढांटौली गांव से करीब 400 मीटर दूर नदी के पुल पर पहुंचकर रास्ता जाम कर दिया था। इसके बाद फोन पर सिंचाई विभाग के अधिकारियों से हुई बात में पानी बंद कराने का आश्वासन मिला, तब 15 मिनट बाद वह सड़क से हट गए थे। ढांटौली निवासी किसान नीरज चौधरी, देवेंद्र चौधरी, जितेंद्र चौधरी, सुभाष चौधरी, भूरी सिंह, राकेश चौधरी, शंकर सिंह, कलुआ सिंह ने बताया कि बुधवार की रात दोबारा करवन नदी में पानी छोड़ दिया गया। यह पानी उफनाकर फिर से खेतों में भरने लगा। बृहस्पतिवार की सुबह किसानों ने फसलों में पानी भरा देखा तो उनका गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया।
बृहस्पतिवार की दोपहर करीब साढ़े 12 बजे ढांटौली के समीप करवन नदी के पुल पर पहुंचकर किसानों ने दोबारा से सड़क पर जाम लगा दिया। इस पुल से होकर 12 से अधिक गांव सीधे गोंडा मुख्यालय से जुड़े हैं और यही रास्ता आगे जाकर खैर-टैटीगांव रोड से जुड़ता है। जाम में इस रास्ते पर वाहन फंस गए। कार्यवाहक थाना प्रभारी शांति शरण यादव ने बताया कि सूचना पर पुलिस कर्मियों सहित वह मौके पर पहुंच गए। सिंचाई विभाग के कर्मचारियों को भी बुला लिया। किसानों को समझाया, तब घंटे भर बाद जाम खुल सका।