भारतीय किसान यूनियन सुनील ने शनिवार को एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित ज्ञापन दिया। हालांकि यूनियन के कार्यकर्ता सीएम से मुलाकात करके ज्ञापन देने की जिद पर अड़े थे, जिसके चलते पुलिस फोर्स ने पहले से ही उनकी घेराबंदी कर रखी थी।
भारतीय किसान यूनियन सुनील ने किसानों की समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलने का समय मांगा था, जिससे वह किसानों की समस्याएं रख सकें। कार्यकर्ताओं का कहना है कि डीएम ने समय देने से इन्कार कर दिया था, जिसके बाद यूनियन ने मुख्यमंत्री को काले झंडे दिखाने का एलान कर दिया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी सुनील और राष्ट्रीय महासचिव रंजीत चौधरी को देर रात पुलिस फोर्स ने घर में नजरबंद कर लिया। यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष अर्जुन ठाकुर, प्रवक्ता मौ. मोहसिन मेवाती, सचिव आरिफ सिद्दीकी समेत तमाम पदाधिकारियों के घर देर रात पुलिस पहुंच गई। सुबह से प्रशासन के अधिकारियों ने यूनियन के पदाधिकारियों को मनाना शुरू किया।
उसके बाद बाद गांव सुखरावली में भाकियू ने एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन दिया। इस मौके पर प्रदेश प्रवक्ता मोहसिन मेवाती, आरिफ सिद्दीकी, अमित चौधरी, विनय चौधरी, रवि पंडित, मुकेश, अनिल लोधी, हिमांशु, मनोज शर्मा, ओमवीर सिंह, बादल चौधरी, बबलू चौधरी आदि मौजूद रहे।
एक हाथ में गन्ना, दूसरे हाथ में गुलाब लेकर सड़क पर उतरे गन्ना किसान
साथा चीनी मिल किसान संघर्ष मोर्चा के किसानों ने शनिवार को सीएम योगी आदित्यनाथ के आगमन पर एक हाथ में गन्ना एवं एक हाथ में गुलाब का फूल लेकर सीएम के स्वागत को पहुंचे हालांकि, उनकी मुलाकात नहीं हो सकी। चीनी मिल चालू ना होने से किसानों में नाराजगी है।
किसान डॉ .शैलेंद्रपाल सिंह के नेतृत्व में रामघाट रोड स्थित मुख्य अभियंता दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के कार्यालय पर एकत्रित हुए। किसान सर्किट हाउस की तरफ चलने लगे तो पुलिस प्रशासन ने उन्हें रोक लिया। सीओ सिविल लाइन श्वेताभ पांडे पुलिस बल के साथ किसानों को मनाने लगे। करीब एक घंटे तक बहस हुई।
किसान सड़क पर बैठ गए। किसानों ने ज्ञापन को अधिकारियों को दिया। इस मौके पर रोबी ठाकुर, कौशल सिंह, राकेश कुमार, गवेन्द्र सिंह लता अग्रवाल, बंटी ठाकुर दीपक जादौन, पुष्पेंद्र सिंह विजय कुमार, टीटू चौहान, सुरेंद्र सिंह, मुकेश कुमार, सोनू शर्मा आदि थे।