ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे के मुआवजे की मांग को लेकर पांच माह से धरना दे रहे किसानों ने सोमवार की शाम अर्धनग्न होकर प्रदर्शन किया। नारेबाजी करते हुए कस्बा में जुलूस के रूप में निकले।
किसानों द्वारा गांव उसरैह के समीप एक ढाबे पर 31 गांवों के किसानों द्वारा धरना दिया जा रहा है लेकिन उनकी मांगों पर सुनवाई नहीं हो रही है। सोमवार को शाम किसान संयुक्त मोर्चा के तत्वाधान में भारतीय किसान यूनियन, किसान एकता संघ आदि के नेतृत्व में किसानों ने धरनास्थल से अर्धनग्न अवस्था में विरोध प्रदर्शन किया। नारेबाजी करते हुए कस्बा स्थित उसरह रोड, बाईपास रोड, मुख्य बाजार, पुलिस चौकी होते हुए वापस धरनास्थल पर जाकर समाप्त किया। मांग पूरी नहीं होने पर आमरण अनशन के साथ आंदोलन तेज करनेकी चेतावनी दी।
किसानों का कहना था कि अधिग्रहित भूमि का मुआवजा 12-13 वर्ष पुराने सर्किल रेट के आधार पर निर्धारित किया गया है, जो वर्तमान में बहुत कम है। सर्किल रेट बढ़ाया जाए और उसके बाद ही उचित मुआवजा निर्धारित किया जाए। इस मौके पर जितेंद्र सिंह प्रधान, रोबिन चौधरी, कुलदीप सिंह उर्फ भोली, बंटू प्रधान, चंद्रवीर सिंह, भुवनेंद्र सिंह, बंटी सिंह, सतवीर सिंह, अंकुश सिंह, अनुज कुमार, राजकुमार सिंह, जयंत चौधरी, भीम सिंह आदि मौजूद रहे।